Patna Hospital Murder Case: बिहार की राजधानी पटना के पारस अस्पताल में भर्ती गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या करने के बाद अपराधियों ने जमकर जश्न मनाया। पारस अस्पताल गोलीबारी मामले में नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें हमलावर हत्याकांड के पास बाइक पर दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने बंदूक हाथ में ली हुई है। अस्पताल के पास कैद हुई इन तस्वीरों ने हाल ही में हुए उस हमले की जांच को और तेज कर दिया है। आरोपी चंदन मिश्रा की हत्या के बाद बंदूक हाथ में लेकर जश्न मनाते दिखे। इसमें दो बाइक पर 6 हमलावर दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए फुटेज का विश्लेषण कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बक्सर जिले के निवासी चंदन मिश्रा (36) के रूप में हुई है। वह इलाज के लिए अस्पताल गया था।
पुलिस के मुताबिक उसने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है। घटना के सिलसिले में पटना और बक्सर से छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि पांच हथियारबंद आरोपी अस्पताल के ICU में घुस रहे हैं और व्यक्ति पर गोलियां चला रहे हैं।
हत्या के एक मामले में दोषी चंदन मिश्रा बेउर जेल में बंद था। उसे पैरोल पर इलाज के लिए अस्पताल गया था। वह 12 से अधिक हत्या के मामलों सहित 24 आपराधिक मामलों में संलिप्त था। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत होता है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने X पर पोस्ट कर आरोप लगाया, "सरकारी अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को आईसीयू में घुसकर मारी गोली। बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं? 2005 से पहले ऐसे होता था?"
पप्पू यादव अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। यादव ने बाद में दावा किया कि उन्हें शाम को एक गुमनाम व्यक्ति का कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने उन्हें अस्पताल में हुई हत्या की घटना से दूरी बनाए रखने को कहा।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक अलग घटना में गुरुवार सुबह पटना के शाहपुर इलाके में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की उसके घर के बाहर धारदार हथियार से हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान शुभम उर्फ बंटी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हत्या के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मामला दर्ज कर लिया गया है।