पटना में होगा पीएम मोदी का पावर शो! चुनाव से पहले बड़ा सियासी संदेश देने की तैयारी

Bihar Eelection 2025 : पीएम मोदी अगले सप्ताह दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे। वह 29 मई की शाम को पटना पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से बीजेपी प्रदेश कार्यालय तक रोड शो करेंगे। वहीं पीएम के आगमन को लेकर राजधानी पटना में जगह-जगह स्वागत की तैयारी की जा रही है

अपडेटेड May 26, 2025 पर 2:37 PM
पीएम मोदी अगले सप्ताह दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे।

Bihar Eelection 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक पार्टियां कमर कसने लगी हैं। कांग्रेस, राजद से लेकर राज्य में सक्रिय सभी राजनीतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटती नजर आ रही हैं। वहीं भाजपा भी चुनाव को लेकर अपने अभियान को धार देने में जुट गई है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार में पहला रोड शो करने जा रहे हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं और 29 मई को राजधानी पटना में रोड शो करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी का पटना में ये पहला रोड शो होगा।

29 मई को पटना में होगा रोड शो

बता दें कि पीएम मोदी अगले सप्ताह दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे। वह 29 मई की शाम को पटना पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से बीजेपी प्रदेश कार्यालय तक रोड शो करेंगे। वहीं पीएम के आगमन को लेकर राजधानी पटना में जगह-जगह स्वागत की तैयारी की जा रही है। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के साथ ही बिहटा हवाई अड्डे का शिलान्यास भी करेंगे।


आगामी चुनाव की तैयारियों पर रहेगा जोर

प्रधानमंत्री मोदी 29 मई की रात पटना में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे और एनडीए की जीत के लिए जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। रात को वे पटना में ही ठहरेंगे और अगले दिन 30 मई को रोहतास के बिक्रमगंज में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।

पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पटना में रोड शो किया था, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ वाहन पर नजर आए थे। अब एक बार फिर पीएम का पटना रोड शो तय है, लेकिन इस बार सीएम उनके साथ रहेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।