Raksha Bandhan 2025: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार ने रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। 9 अगस्त को पूरे राज्य में महिलाएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में फ्री में यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा राज्यभर में चलने वाली साधारण, डीलक्स, वोल्वो और विशेष पिंक बस सेवाओं पर लागू होगी। इस फैसले से हजारों बहनों को अपने भाइयों के पास राखी बांधने के लिए अब किसी प्रकार की यात्रा लागत नहीं उठानी पड़ेगी।
नीतीश सरकार की तरफ से लिए गए इस फैसले का उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को सम्मान देना और महिलाओं को एक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देना है। BSRTC के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी कर बताया कि यह निर्णय सामाजिक सरोकार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम है।
विशेष रूप से राजधानी पटना में संचालित पिंक बस सेवा, जो सगुना मोड़ से गांधी मैदान और गांधी मैदान से एम्स के बीच चलती है। उसमें भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा मिलेगी। चूंकि रक्षाबंधन के दिन बसों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसलिए BSRTC ने अतिरिक्त बसें चलाने का भी फैसला लिया है। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही, सभी बस चालकों और परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और इस योजना का कड़ाई से पालन करें। निगम ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे इस योजना का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी प्रकार की अफरा-तफरी से बचें।
इस योजना के तहत महिलाओं को किसी प्रकार का टिकट नहीं लेना होगा। वे सीधा बस में चढ़कर सफर कर सकेंगी। यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रेरक पहल माना जा रहा है।