प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (24 अक्टूबर) को बिहार के बेगूसराय में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी की पुण्यतिथि पर मुख्य विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में एक परिवार है जो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। उन्होंने अपने ही पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी को बाथरूम में बंद कर दिया था और फिर सड़क पर फेंक दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग लोकतंत्र और सम्मान की बात करते हैं। पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान का आगाज शुक्रवार को समस्तीपुर से किया।
समस्तीपुर के बेगूसराय में अपनी दूसरी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "साथियों, आज (24 अक्टूबर) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी जी की पुण्यतिथि है। देश कभी नहीं भूल सकता कि किस तरह कांग्रेस के इस परिवार ने सीताराम केसरी जी का अपमान किया था। आज का दिन हमें याद दिलाता है कि कांग्रेस दलितों और पिछड़ों के अधिकार छीनने के लिए क्या कुछ कर सकती है।"
उन्होंने आगे कहा, "इन लोगों के लिए सिर्फ अपना परिवार ही सबसे बड़ा है। आप लोगों ने टीवी पर भी देखा होगा,,,कांग्रेस ने सीताराम केसरी जी को उनके घर के बाथरूम में बंद कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें उठाकर फुटपाथ पर फेंक दिया। और उनके पास जो कांग्रेस अध्यक्ष पद था इस परिवार ने उसकी चोरी कर ली।"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बिहार को 'जंगलराज' से 'सुशासन' की राह पर लाया है। अब समय आ गया है कि बिहार को 'समृद्ध राज्य' में बदला जाए। उन्होंने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में NDA और 'लठबंधन' के बीच मुकाबला है। पीएम ने कहा कि इसमें NDA रिकॉर्ड बहुमत से जीत दर्ज करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने छठ पूजा का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जब हम छठ पूजा की बात करते हैं, तो लोकगायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा जी की याद आती है। उनके छठ गीत हमेशा याद किए जाएंगे। उन्हें पहले पद्म भूषण और हाल ही में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।’’
PM मोदी ने विपक्षी 'महागठबंधन' पर निशाना साधते हुए कहा, "यह लड़ाई मजबूत NDA और दूसरी ओर 'लठबंधन' के बीच है। महागठबंधन में 'अटक दल', 'भटक दल' और 'पटख दल' हैं। ये लोग पहले टिकट बेचते हैं और फिर भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने पिछले 20 सालों में एक भी चुनाव नहीं जीता। जंगलराज वालों ने केवल अपने परिवार का जीवन संवारने का काम किया और बिहार के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। राज्य में पलायन के लिए आरजेडी जिम्मेदार है। जबकि एनडीए ने विकास को प्राथमिकता दी और बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया।"
राहुल गांधी ने सीताराम केसरी को दी श्रद्धांजलि
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के पुराने मुख्यालय '24 अकबर रोड' पहुंचे और वहां केसरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सीताराम केसरी का जन्म 15 नवंबर, 1919 को पटना जिले के दानापुर में हुआ था। वह अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कांग्रेस में कई पदों पर रहे और 1996 से 1998 तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।
कहा जाता है कि कांग्रेस मुख्यालय में केसरी को पद से हटाने के दौरान उन्हें कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर दिया गया था। ताकि वह सोनिया गांधी के कार्यभार संभालने में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप न कर सकें। कांग्रेस पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगा था। केसरी के बाद सोनिया गांधी ने पार्टी की कमान संभाली थी। केसरी का निधन 24 अक्टूबर, 2000 को हुआ था।