Bihar Assembly Elections 2025: पिछले दिनों राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निकाले गए बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। तेज प्रताप ने एक इंटरव्यू में खुद को 'किंगमेकर' करार देते हुए कहा कि लोग कहते हैं कि दूसरा लालू प्रसाद यादव वही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनें इसके लिए हम उनका पूरा सपोर्ट करते हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि 'किंगमेकर' हम ही बनेंगे। तेज प्रताप से जब उनके निष्कासन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि RJD से बाहर निकाले जाने पर उन्हें बुरा लगा था। उन्होंने संकेत दिया कि निष्कासन उनके खिलाफ साजिश का परिणाम था।
NDTV को दिए एक इंटरव्यू में तेज प्रताप ने कहा, "6 साल के लिए हम संगठन से बाहर हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि घर में पैक हो जाना चाहिए। हमें अपना काम करते रहना चाहिए।" RJD से निकाले जाने के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा, "हमें खराब तो लगा, बहुत खराब लगा।" इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा, "माता और पिता हमारे लिए पूजनीय हैं। वह हमारे भगवान हैं। मां को मेरी चिंता लगातार रहती है। प्रथम पुत्र होने की वजह से माता-पिता हमें अपने दिल में रखते हैं।"
तेज प्रताप ने कहा कि मैं अपने भाई पर, बहन पर, माता-पिता पर नहीं जाना चाहता। उन्होंने कहा कि सब लोग कहते हैं कि ओरिजनल लालू यादव यही है। आरजेडी के पूर्व नेता ने कहा कि यही लोगों को खटकता है कि तेज प्रताप जमीन से जुड़ा आदमी है। मैं किसी से भी डरता नहीं हूं। हालांकि उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने पर मैं किंगमेकर बनना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि हालात को हम संभालने का काम कर रहे हैं।
लालू यादव के बड़े बेटे ने कहा कि वह अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अभी मैं हसनपुर से विधायक हूं। जनता के बीच दौरा करूंगा और जनता की समस्या सुनूंगा। 30 तारीख से जनता दरबार लगाऊंगा। 6 साल के लिए पार्टी और संगठन से बाहर हूं। लेकिन घर में बंद नहीं हो सकता।"
तेज प्रताप ने लालू ने पार्टी ने निकाला
बता दें कि तेज प्रताप के पिता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें कथित तौर पर अनुष्का नामक महिला के साथ रिश्ते में होने की बात कबूलने पर 25 मई को छह साल के लिए RJD से निष्कासित कर दिया था। हालांकि, बाद में तेज प्रताप ने अपने संबंधों को लेकर फेसबुक पर की गई पोस्ट हटा ली थी और दावा किया था कि उनका पेज हैक हो गया था। लालू प्रसाद ने तेजप्रताप के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण उनसे नाता भी तोड़ लिया।
इस पोस्ट को लेकर विवाद के बाद तेज प्रताप से अलग रह रहीं उनकी पत्नी ऐश्वर्या ने मीडिया के सामने आरोप लगाया था कि उनके ससुराल वालों ने उनकी शादी तेजप्रताप से करवाकर उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी। उन्होंने दावा किया था कि 2018 में दोनों की शादी से बहुत पहले से ही तेज प्रताप का किसी दूसरी महिला के साथ रिश्ता था।
तेजस्वी पर क्या बोले तेज प्रताप?
पार्टी से निकाले जाने के कुछ दिन बाद तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया था कि उनके और छोटे भाई तेजस्वी यादव के बीच दरार डालने की साजिश चल रही है। तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा था, "मेरे भाई, मैं तुमसे कहना चाहता हूं कि भरोसा रखो, मैं हर परिस्थिति में आपके साथ हूं। मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है और हमेशा रहेगा। मम्मी-पापा का ख्याल रखना, जयचंद बाहर भी हैं और अंदर भी...।"