Delhi Assembly Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार हुई है। इससे पहले लगातार दो बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की ऐसी प्रचंड आंधी चली थी कि विपक्ष बनने के लिए किसी पार्टी को सीटें ही नहीं मिल पाई थी। अब इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हम जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे उन उम्मीदों पर खरे उतरेंगे, जिसके साथ लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। लोगों ने हमें जो 10 साल दिए; उसमें हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि के क्षेत्र में काम किया। अब लोगों ने जो फैसला हमें दिया है, उसके साथ हम न केवल रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, बल्कि जनता की सेवा करते रहेंगे। मैं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत शानदार चुनाव लड़ने की बधाई देता हूं।"
