आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि शनिवार को चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल की कार पर हमला किया गया। इस पर BJP नेता प्रवेश वर्मा ने ये आरोप लगाया कि केजरीवाल की गाड़ी ने उनकी पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को टक्कर मार दी, जब वह AAP प्रमुख के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार वर्मा ने दावा किया कि यह केजरीवाल ही थे, जिन्होंने कार ड्राइवर से उन्हें कुचलने के लिए कहा था।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार वर्मा ने कहा, "जब AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लाल बहादुर सदन के पास घर-घर जाकर प्रचार कर रहे थे, तो नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लोग केजरीवाल से रोजगार आदि के बारे में सवाल पूछ रहे थे...जब विशाल, अभिषेक और रोहित नाम के तीन बेरोजगार निवासियों ने केजरीवाल से सवाल पूछने की कोशिश की, तो पंजाब पुलिस ने उनकी पिटाई की और एक कार्यकर्ता का फोन तोड़ दिया।"
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा कि केजरीवाल ने ड्राइवर को उन्हें कुचलने का इशारा किया।
उन्होंने कहा, "AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की कार ने तीन युवकों को टक्कर मार दी और कार के ड्राइवर ने तीनों युवकों को देखकर ब्रेक लगा दिए, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने ड्राइवर को उन्हें कुचलने का इशारा किया... वे घायल हो गए हैं... यह हत्या की कोशिश है और मैं पुलिस स्टेशन जा रहा हूं... तीनों युवक FIR दर्ज कराएंगे और हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया जाएगा।"
उन्होंने आम आदमी पार्टी के आरोप को "निराधार" बताया।
आम आदमी पार्टी ने आज X पर लिखा कि केजरीवाल पर BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के 'लोगों' ने हमला किया।
AAP ने X पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, "अपनी हार सामने देख बौखला गई है BJP!! BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने अपने गुंडे भेजकर अरविंद केजरीवाल जी पर जानलेवा हमला कराया। इस दौरान जनता ने केजरीवाल जी की जान बचाई। BJP और उसके गुंडे ध्यान से सुन लें, हम भगत सिंह जी के चेले हैं, हम तुम्हारी गुंडई और हमलों से डरने वाले नहीं हैं।"
आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि जब यह घटना हुई तो परवेश वर्मा भी मौके पर चुनाव प्रचार कर रहे थे।