दिल्ली से एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को हमला हुआ। ये हमला उस समय हुआ, जब वह आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान हमला किया गया।
आम आदमी पार्टी ने X पर एक वीडिया पोस्ट किया। इसमें देखा गया कि अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर भीड़ से एक पत्थर फेंका जाता है, जो उनकी गाड़ी से ऊपर को निकल जाता है। AAP ने वीडियो के साथ लिखा, "हार के डर से बौखलाई BJP, अपने गुंडों से करवाया अरविंद केजरीवाल जी पर हमला!!"
AAP ने आरोप लगाया, "BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार करते वक्त अरविंद केजरीवाल जी पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वो प्रचार ना कर सकें। बीजेपी वालों, तुम्हारे इस कायराना हमले से केजरीवाल जी डरने वाले नहीं हैं, दिल्ली की जनता तुम्हें इसका करारा जवाब देगी।"
BJP कार्यकर्ता का पैर टूटा!
वहीं AAP की तरफ से लगाए गए हमले के आरोप पर नई दिल्ली विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार परवेश वर्मा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल की गाड़ी भाजपा के कार्यकर्ता को कुचलते हुए आगे बढ़ गई है। कार्यकर्ता (भाजपा) का पैर टूट गया है और मैं उसका हालचाल जानने के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज जा रहा हूं...यह बेहद शर्मनाक है।"
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के पूर्व सांसद परवेश वर्मा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।