दिल्ली में होने वाले चुनावों से दो हफ्ते से भी कम समय पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दावा किया कि हरि नगर में उनकी गाड़ी पर प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के समर्थकों ने हमला किया और इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया। यह आरोप उस समय लगाया गया है, जब पिछले हफ्ते पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल के काफिले पर पथराव करने का आरोप लगाया था।
एक्स पर एक पोस्ट में, दिल्ली के पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने हरि नगर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में एक प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के समर्थकों को घुसने दिया, जिन्होंने बाद में उनकी गाड़ी पर हमला किया। उन्होंने अमित शाह पर दिल्ली पुलिस को "BJP की निजी आर्मी" बनाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने लिखा, "आज हरि नगर में विपक्षी उम्मीदवार के लोगों को पुलिस ने मेरी जनसभा में घुसने दिया और फिर मेरी गाड़ी पर हमला करवाया। ये सब अमित शाह जी के आदेश पर हो रहा है। अमित शाह जी ने दिल्ली पुलिस को बीजेपी की निजी आर्मी बना दिया है।"
केजरीवाल ने आगे लिखा, "चुनाव आयोग पर बड़े सवाल उठ रहे हैं कि एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उसके नेताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं और चुनाव आयोग कुछ भी प्रभावी कदम उठाने में असमर्थ है।"
केजरीवाल के काफिले पर पथराव
इससे पहले, AAP ने शनिवार को केजरीवाल के काफिले पर हुए कथित हमले का एक वीडियो शेयर किया। पार्टी ने कहा "हार के डर से घबराई बीजेपी ने अपने गुंडों से अरविंद केजरीवाल पर हमला करवा दिया। बीजेपी के लोगों, केजरीवाल जी आपके कायराना हमले से डरने वाले नहीं हैं, दिल्ली की जनता आपको मुंहतोड़ जवाब देगी।"
सूत्रों के अनुसार सत्तारूढ़ AAP ने BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है। इस बीच, AAP की प्रियंका कक्कड़ ने कथित हमले के बाद केजरीवाल की जान को खतरा होने का दावा किया है।