Delhi Assembly Elections 2025 News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले एक और बड़ा चुनावी वादा किया है। केजरीवाल ने घोषणा की है कि अगर AAP सरकार दिल्ली में फिर से सत्ता में आती है तो स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले पुरुष छात्रों को मुफ्त बस सुविधा और मेट्रो किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर छात्रों को दिल्ली मेट्रो के किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की मांग की है।
केजरीवाल ने एक पत्रकारवार्ता में घोषणा की है कि अगर उनकी पार्टी पांच फरवरी को होने वाले चुनावों में फिर से जीतेगी तो छात्रों को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। आप सरकार पहले से ही शहर में महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है। केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में महिलाएं पहले से ही मुफ्त बस यात्रा का लाभ ले रही हैं। अब हम छात्रों (लड़कों) को भी ये सुविधा देंगे, ताकि उनका वित्तीय बोझ कम हो और शिक्षा को बढ़ावा मिले।"
दिल्ली में वर्तमान में लागू आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के कारण इस घोषणा को तुरंत क्रियान्वित नहीं किया जा सकता है। लेकिन केजरीवाल ने आश्वासन दिया कि अगर वे फिर से सत्ता में आते हैं तो यह योजना उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी। केजरीवाल ने अपने पत्र में लिखा कि छात्रों को दी जाने वाली छूट का बोझ केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों को बराबर बराबर उठाना चाहिए। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) में AAP के साथ केंद्र सरकार भी साझेदार हैं।
केजरीवाल ने शुक्रवार (17 जनवरी) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "छात्रों के लिए मेट्रो का किराया महंगा है। मैंने प्रधानमंत्री मोदी से इस योजना को शुरू करने का अनुरोध किया है और हम इसका आधा खर्च वहन करने के लिए तैयार हैं।" उन्होंने कहा कि यह पहल चुनावों के बाद शुरू की जा सकती है।
इसके अलावा AAP मुखिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "बस और मेट्रो के किराए का खर्च अब शिक्षा में रुकावट नहीं बनेगा। हमारी सरकार बनने पर हम स्कूल-कॉलेज के छात्रों के लिए बसों में मुफ्त सफर शुरू करेंगे और मेट्रो किराए में भी रियायत देंगे। छात्रों पर खर्च होने वाला हर एक पैसा देश के भविष्य में निवेश है।"
उन्होंने मंगलवार को टीवी चैनल पर एक बहस में BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला द्वारा AAP विधायक ऋतुराज झा को कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला। दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत यहां पांच फरवरी को मतदान होंगे। जबकि आठ फरवरी को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
दिल्ली चुनाव में मुख्य मुकाबला राजधानी में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है। वह एक भी सीट जीतने में नाकाम रही है। AAP ने 2020 के विधानसभा चुनावों में 70 में से 62 सीटें जीतकर दबदबा बनाया, जबकि बीजेपी को आठ सीटें मिलीं।