Delhi Election Exit Poll: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज यानी पांच फरवरी को वोटिंग हो रही है। राजधानी के कुल 70 सीट पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला भी आज EVM में कैद हो जाएगा। दिल्ली मे कौन किसपर भारी है और किसकी सरकार बन रही है, इसका फैसला तो 8 फरवरी को होगा। वहीं रिजल्ट से पहले आज शाम मतदान खत्म होने के साथ ही एग्जिट पोल भी सामने आएंगे। बता दें कि एग्जिट पोल को लेकर चुनाव आयोग ने पहले ही अपनी गाइडलाइंस जारी कर दी है। आयोग ने वोटिंग के दिन शाम शाम 6.30 बजे तक एग्जिट पोल दिखाने पर रोक लगाई है। इसके साथ ही दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल बुधवार शाम 6.30 बजे के बाद आएंगे।
पिछली बार कैसे थे एग्जिट पोल के अनुमान
आपको बता दें कि दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनाव यानी साल 2020 में जो एग्जिट पोल सामने आए थे, उनमें अधिकांश में आम आदमी पार्टी की जीत की भविष्यवाणी की थी। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने AAP के लिए सबसे अधिक 59-68 सीटों का अनुमान लगाया था। टाइम्स नाउ ने AAP को 47 सीटें और बीजेपी को 23 सीटें दी गई थीं। उस समय, अधिकांश पोल्स ने AAP को 50 से अधिक सीटें दी थीं। वहीं जब नतीजे सामने आए थे तो आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें अपने नाम किया था।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों में से 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं बीजेपी को 8 सीटें मिली थी। इस चुनाव में कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। हालांकि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015 में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीती थी, जबकि बीजेपी को महज तीन सीटें मिली। इस चुनाव में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला था। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पिछले दो चुनावों में 67 और 62 सीटें जीतने के बाद, लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद कर रही है।
क्या कहता है फलौदी सट्टा बाजार
चुनावों की घोषणा के समय, फलौदी सट्टा बाजार के अनुमानों में AAP को बढ़त दिखाई गई थी और 70 सदस्यीय विधानसभा में 36 के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया था। हालांकि, चुनावों से दो हफ्ते पहले, बाजार ने अपने अनुमानों में कुछ बदलाव किया है। चुनाव की घोषणा के समय फलोदी सट्टा बाजार के अनुमान के अनुसार, AAP को 37 से 39 सीटें मिलने का अनुमान था। हालांकि, नए अनुमानों के अनुसार AAP को 38 से 40 सीटें मिलती दिख रही हैं।
नोट: यह महज एग्जिट पोल का दावा है। 8 फरवरी को नतीजे इससे अलग भी हो सकते हैं।