दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार पर रोक लग गई है और अब 5 फरवरी को वोटिंग होगी। इसके बाद 8 फरवरी को नतीजे आएंगे, जो बताएंगे कि राजधानी की सत्ता पर तीसरी बार AAP की वापसी होगी या BJP देशकों पुराना सूखा खत्म कर पाएगी या फिर कांग्रेस के लिए चमत्कारी नतीजे आ सकते हैं। हालांकि, दिल्ली चुनाव को लेकर कुछ भी कहना बहुत मुश्किल होगा, क्योंकि अनुमान और हकीकत दोनों के बीच बहुत अंतर हो सकता है। अपने चुनावी अनुमानों के लिए जाना जाने वाला राजस्थान का फलोदी सट्टा बाजार अब तक खुद दो बार अपना ओपिनियन बदल चुका है।
जब दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हुआ था, तब फलोदी सट्टा बाजार ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लिए 37 से 39 मिलने का अनुमान जताया था। हालांकि, चुनाव से ठीक दो हफ्तों पहले सट्टा बाजार ने अपना अनुमान बदल डाला।
नए अनुमानों के मुताबिक, अब पार्टी के प्रति जनभावना में मामूली उछाल का संकेत मिलता है। सट्टा बाजार का मानना है कि AAP को अब 38 से 40 सीटें मिल सकती हैं।
कुछ इसी तरह सट्टा बाजार में भारतीय जनता पार्टी के लिए भी अपने अनुमानों में बदलाव किया। सट्टा बाजार ने पहले बीजेपी को 25 से 35 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, लेकिन इसके बाद इसने अपने अनुमानिक आंकड़ों में बदलाव किया और इसे घटा कर 29 से 31 सीट कर दिया।
BJP 1993 के बाद से दिल्ली की सत्ता से बाहर है और इस बार उसे दशकों पुराना सूखा खत्म करने की उम्मीद है। इसके लिए पार्टी ने कई बड़ी-बड़ी योजनाओं का ऐलान किया है, क्योंकि उसका मानना है कि हारियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी जन कल्याण योजनाओं के कारण ही मदद मिली।
कांग्रेस के लिए अनुमान में कोई बदलाव नहीं
फलोदी सट्टा बाजार भी मानता है कि इस पूरी चुनावी लड़ाई में कांग्रेस कहीं नहीं है। इसलिए उसने कांग्रेस के लिए अपने अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया। चुनाव की घोषणा के दौरान सट्टा बाजार ने कांग्रेस के लिए सिर्फ तीन सीटें मिलने का अनुमान जताया था, जिसे अब भी उसने बरकरार रखा है।
क्या है फलोदी सट्टा बाजार?
अपने विवादित लेकिन अक्सर सटीक पूर्वानुमानों के लिए जाने जाना वाला, फलोदी सट्टा बाजार जोधपुर से 142 Km दूर थार रेगिस्तान के बफर जोन में फलोदी जिले में है।
फलोदी एक ऐसा शांत शहर है, जो नमक और प्लास्टर ऑफ पेरिस के प्रोडेक्शन से जुड़ी इंडस्ट्री के लिए जाना जाता है। भारत में इसे चुनाव से जुड़े सट्टेबाजी के केंद्र के रूप में जाना जाता है, जहां भविष्यवाणियां शायद ही कभी गलत होती हैं।
(Disclaimer: सट्टा अवैध है, जब तक कि राज्य-विशिष्ट कानूनों द्वारा अनुमति न दी जाए। Moneycontrol Hindi किसी भी रूप में जुए या सट्टे को बढ़ावा या समर्थन नहीं करता है।)