दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी का 27 साल बाद वनवास खत्म होता हुआ नजर आ रहा है। पार्टी जीत की ओर बढ़ती जा रही है। इस जीत का जश्न पार्टी के दिल्ली कार्यालय में मनाने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (8 फरवरी 2025) शाम को 5.30 बजे बीजेपी ऑफिस जाएंगे। जहां वो पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी बंपर बढत बनाए हुए हैं।
रुझान सामने आने के बाद से बीजेपी दफ्तर में जश्न का माहौल है। वहां पर कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर झूमते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने यहां तक कह दिया कि यह रुझान नहीं है, यह नतीजों में तब्दील होंगे। बीजेपी दिल्ली में सरकार बनाएगी।
वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यालय में बांटी मिठाई
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है। पार्टी दफ्तरों में ढोल नगाड़ों के साथ मिठाइयां बांटी जा रही हैं। इसबीच दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य नेता मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने साथियों को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया है। उनका कहना है कि दिल्ली में 27 साल का वनवास टूट रहा है।
केजरीवाल को शराब ले डूबी – अन्ना हजारे
दिल्ली में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। आम आदमी पार्टी का पत्ता साफ होता हुआ नजर आ रहा है। इसबीच दिल्ली चुनाव के रुझानों पर अन्ना हजारे ने कहा कि चुनाव लड़ते समय उम्मीदवार को आचार-विचार शुद्ध होना चाहिए। जीवन में किसी भी तरह का कलंक नहीं लगना चाहिए। त्याग होना जरूरी है। अगर ये गुण उम्मीदवार में हैं तो मतदाताओं को उन पर विश्वास होता है। मैं बार-बार बताता गया, लेकिन उनके दिमाग में नहीं आया और वे शराब को ले आए। शराब यानी धन-दौलत से वास्ता हो गया।