दिल्ली की CM बनते ही एक्शन में रेखा गुप्ता, आज शाम मंत्रियों के साथ यमुना की साफ सफाई का लेंगी जायजा

Delhi Cabinet Meeting: दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना नदी की सफाई का मुद्दा चर्चा के केंद्र में था। बीजेपी ने तत्कालीन सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (AAP) पर इसके 10 साल के शासन के दौरान नदी के पुनरुद्धार में विफल रहने का आरोप लगाया था। सत्ता परिवर्तन के साथ ही यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए एक कार्य योजना प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को सौंप दी गई है

अपडेटेड Feb 20, 2025 पर 2:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Cabinet Meeting: आज शाम को दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और सभी मंत्री यमुना घाट जाएंगे

Delhi Cabinet Meeting: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के तुरंत बाद ही रेखा गुप्ता एक्शन मोड में दिख रही हैं। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम को दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और उनके साथ शपथ लेने वाले सभी मंत्री यमुना घाट जाएंगे। बताया जा रहा है वह मंत्रियों के साथ यमुना की साफ सफाई का जायजा लेंगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान, यमुना की सफाई का मुद्दा चर्चा के केंद्र में था। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तत्कालीन सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (AAP) पर इसके 10 साल के शासन के दौरान नदी के पुनरुद्धार में विफल रहने का आरोप लगाया था।

दिल्ली में सत्ता परिवर्तन के साथ ही यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए एक कार्य योजना प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को सौंप दी गई है। इसमें सीवेज शोधन क्षमता बढ़ाने और अन्य महत्वपूर्ण उपायों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (20 फरवरी) को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता रेखा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता गुरुवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठी हैं, कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं।"


उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उपयोगी कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।" एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और श्री पंकज कुमार सिंह जी को भी बधाई।

ये भी पढे़ं- Delhi CM Oath Ceremony: पहली बार की MLA रेखा गुप्ता ने संभाली दिल्ली की कमान, बनीं 9वीं मुख्यमंत्री, प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने ली शपथ

उन्होंने कहा, "इस टीम में जोश और अनुभव का खूबसूरत मिश्रण है और निश्चित रूप से यह दिल्ली में सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।" हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।

वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।