PM Modi Visits Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (1 अप्रैल 2026) को असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक चाय बागान का दौरा किया। इस दौरान वहां काम कर रहीं महिला श्रमिकों से बातचीत की। उन्होंने चाय को 'असम की आत्मा बताया। चाय बागान में काम कर रही महिला मजदूरों के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने सेल्फी भी ली। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दौरे की तस्वीरें शेयर की है। पीएम मोदी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवारों के पक्ष में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए राज्य के एक दिवसीय दौरे पर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'मनोहारी टी इस्टेट' का दौरा करने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉरम X पर कहा, "हम हर चाय जनजाति परिवार के प्रयासों पर अत्यंत गर्व महसूस करते हैं। उनकी कड़ी मेहनत और लगन ने असम के गौरव को बढ़ाया है।" PM मोदी को महिलाओं के एक समूह के साथ चाय की पत्तियां तोड़ते हुए भी देखा गया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में कहा, "चाय की पत्तियां तोड़ने के बाद महिलाओं ने अपनी संस्कृति के बारे में बात की और अंत में एक सेल्फी भी ली!" प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि ये डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान की कुछ झलकियां हैं।
असम के धेमाजी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "असम bjp ने कल एक शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। कल मंगलवार था, मंगलवार का जारी हुआ ये संकल्प पत्र असम में और मंगल लाने वाला है। ये मंगलवार को आया मंगल पत्र है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारे बेटियों के साथ कोई धोखाधड़ी ना कर सके, बेटियों का मान-सम्मान और जीवन सुरक्षित रहे इसके लिए भी अनेक बड़ी घोषणाएं की गई है। असम में UCC लागू करना और हमारे आदिवासी समाज, छठी अनुसूची क्षेत्र की परंपराओं को सुरक्षित रखना या असम की पहचान बचाने के लिए बहुत बड़ी घोषणाएं हैं। BJP जो कहती है वो करके दिखाती है।"
PM मोदी ने आगे कहा, "बीते 1 दशक में असम ने विकास का एक लंबा सफर तय किया है। ये जो 20-25 साल के नौजवान हैं इन्होंने भाजपा-एनडीए का सुशासन ही देखा है। इन्होंने कांग्रेस के राज का वो काला दौर नहीं देखा है। जब असम से केवल बम, बंदूक, दंगों और कर्फ्यू की खबरें आती थी। डबल इंजन सरकार ने असम को स्थायी शांति की नई राह दिखाई है। असम की हजारों संतानें बीते एक दशक में बंदूक छोड़ कर एक नए भविष्य से जुड़ी है।"