Tamil Nadu polls: 'BJP के साथ 4 दिनों में हो जाएगा सीटों का बंटवारा'; AIADMK प्रमुख EPS का बड़ा बयान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जाएंगे चेन्नई

Tamil Nadu Assembly elections 2026: AIADMK के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार (20 मार्च) को नई दिल्ली में कहा कि NDA गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत चार दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में कोई रुकावट नहीं है

अपडेटेड Mar 20, 2026 पर 1:52 PM
Story continues below Advertisement
Tamil Nadu Assembly elections 2026: अन्नाद्रमुक तमिलनाडु चुनाव के लिए BJP के साथ चार दिन में सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी

Tamil Nadu Assembly elections 2026: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार (20 मार्च) को कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और अन्य सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी। उन्होंने कहा कि AIADMK दलों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा चार दिन में कर देगी। पलानीस्वामी ने गुरुवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि शाह के साथ उनकी बैठक सौहार्दपूर्ण रही। दोनों ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।

उन्होंने बातचीत में किसी भी तरह की बाधा से इनकार करते हुए कहा कि बातचीत सुचारू रूप से जारी है। इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने चेन्नई रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, "आपको चार दिन में सब पता चल जाएगा। हम आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में घोषणा करेंगे। यहां यह (बातचीत) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) गठबंधन की तरह नहीं है। हमारी बातचीत सुचारू और पूरी तरह व्यवस्थित होगी... हमारा उद्देश्य अपने सहयोगियों को वे सीट आवंटित करना है, जहां उनके जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं।"

उन्होंने कहा कि BJP की तमिलनाडु इकाई के प्रभारी पीयूष गोयल बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे। पलानीस्वामी ने विजय नीत तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के साथ गठबंधन वार्ता को मीडिया की अटकल करार देते हुए कहा, "मैं अन्नाद्रमुक महासचिव के रूप में कहता रहा हूं कि हमने टीवीके के साथ बातचीत नहीं की है। आप इस मुद्दे को बार-बार क्यों उठाते रहते हैं?"


किसी अन्य दल के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा कि किसी नये दल के राजग में शामिल होने की संभावना नहीं है क्योंकि गठबंधन तय हो चुका है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की एक योजना की आलोचना करते हुए अभिनेत्री नयनतारा पर अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य सी. वे. षणमुगम की हालिया विवादास्पद टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा, "उन्होंने (षणमुगम ने) अपनी गलती का एहसास होने के बाद माफी मांग ली है। इसलिए इस पर आगे चर्चा करना उचित नहीं होगा।"

BJP का बयान

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख नयनार नागेंद्रन ने 23 अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले सहयोगी अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारे की वार्ता में किसी भी तरह की अड़चन से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या जल्द ही तय कर ली जाएगी। नागेंद्रन ने कहा, "सीट बंटवारे की बातचीत सुचारू रूप से चल रही है। इसमें कोई समस्या नहीं है...हम जल्द ही सीटों की संख्या तय कर लेंगे।"

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियां ​​दागी मंत्रियों के खिलाफ मामलों की जांच स्वतंत्र रूप से करती हैं। BJP को इन एजेंसियों के माध्यम से किसी को डराने-धमकाने की कोई जरूरत नहीं है। विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के इस दावे पर कि पार्टी को चुनाव में गठबंधन करने पर ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद और चुनाव में 90 सीट देने की पेशकश की गई। इस पर नागेंद्रन ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

ये भी पढ़ें- 'क्या कोई ट्रंप को समझा सकता है कि उन्हें क्या करना चाहिए?’ अमेरिका को ईरान युद्ध में घसीटने के सवाल पर बोले नेतन्याहू

उन्होंने कहा, "मैं शुरू से कहता आ रहा हूं कि BJP ने टीवीके के साथ गठजोड़ के लिए कभी कोई वार्ता नहीं की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर मैंने इस संबंध में कोई चर्चा नहीं की है।" उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के कन्याकुमारी और कोयंबटूर का दौरा करने की संभावना है। लेकिन तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण समेत कई राष्ट्रीय नेताओं के चुनाव प्रचार के लिए तमिलनाडु आने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।