UP Election 2027: यूपी BJP ने 209 उम्मीदवारों की लिस्ट वाली खबरों को बताया फर्जी! CM योगी ने किया बड़ा खुलासा, जानें टिकट बंटवारे पर क्या कहा
UP Election 2027: भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि BJP ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए 209 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर दिया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उनके नाम की मंजूरी के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं
UP Election 2027: बीजेपी ने उम्मीदवारों की लिस्ट वाली खबरोंको "पूरी तरह से झूठा, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत" बताया है
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में हलचल तेज हो गई है। इस बीच, बीजेपी की ओर से 209 उम्मीदवारों की कथित लिस्ट तैयार किए जाने और उनके नाम की मंजूरी के लिए उसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजने की खबरों पर पार्टी ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है। भगवा पार्टी ने साफ कर दिया है कि अभी उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हुई है।
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 209 संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि बीजेपी ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 209 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। यह भी कहा जा रहा था कि लिस्ट को मंजूरी के लिए दिल्ली स्थित केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया गया है।
हालांकि, बीजेपी ने इन तमाम दावों को खारिज कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी एक जॉइंट बयान में कहा गया कि 209 उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार किए जाने की खबरें पूरी तरह गलत, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत हैं। भगवा पार्टी ने स्पष्ट किया कि न तो यूपी नेतृत्व और न ही संगठन की ओर से ऐसी कोई लिस्ट बनाई गई है। इसके साथ ही न ही उसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है।
योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने जॉइंट बयान जारी कर उम्मीदवारों की कथित लिस्ट को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की औपचारिक प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। बीजेपी ने यह भी कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरों से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेवजह भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। पार्टी पदाधिकारियों और आम जनता से अपील की गई है कि वे फर्जी खबरों पर भरोसा न करें। केवल बीजेपी के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं को ही सही मानें।
दरअसल, इससे पहले कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बीजेपी ने 209 उम्मीदवारों के नामों पर शुरुआती सहमति बना ली है। पार्टी इन नामों को समय से पहले तय करना चाहती है, ताकि संभावित उम्मीदवारों को चुनाव की तैयारियों के लिए पर्याप्त वक्त मिल सके। लेकिन अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इन दावों पर विराम लगा दिया है।
पंकज चौधरी ने बताया कैसे तय होते हैं बीजेपी के उम्मीदवार
इस पूरे विवाद के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कन्नौज दौरे के दौरान उम्मीदवारों की लिस्ट से जुड़े सवालों पर हाल ही में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें ऐसी किसी लिस्ट की जानकारी नहीं है। उन्होंने बीजेपी में टिकट बंटवारे की प्रक्रिया के बारे में भी बताया। उनके मुताबिक, पार्टी में उम्मीदवारों का चयन किसी एक व्यक्ति के फैसले से नहीं होता। बल्कि इसके लिए संगठन के कई स्तरों पर विचार-विमर्श किया जाता है।
उन्होंने कहा था कि उम्मीदवारों के नामों को लेकर सबसे पहले जिला और क्षेत्रीय स्तर पर सुझाव जुटाए जाते हैं। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व इन नामों की समीक्षा करता है। आगे पार्टी की कोर कमेटी और चुनाव समिति में विचार-विमर्श होता है। इसके बाद नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाते हैं। इसके बाद फाइनल फैसला बीजेपी का संसदीय बोर्ड करता है। यानी किसी भी उम्मीदवार का टिकट केवल किसी एक नेता की पसंद या सिफारिश के आधार पर तय नहीं होता, बल्कि संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत फैसला लिया जाता है।
2027 के चुनाव के लिए बीजेपी ने तेज की तैयारी
उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने अभी से संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर काम तेज कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी अगले साल की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में मथुरा के परखम गांव स्थित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र' में सोमवार और मंगलवार (16 और 17 नवंबर) को दो दिवसीय रणनीतिक बैठक आयोजित करेगी।
BJP के जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा प्रदेश के सभी छह संगठन मंत्री और अन्य पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में वरिष्ठ नेता चुनावी मुद्दों और तैयारियों पर विचार-विमर्श करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को बैठक में शामिल हो सकते हैं।
चतुर्वेदी ने कहा कि बैठक के लिए मथुरा को चुनने के पीछे राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व है। भाजपा भगवान कृष्ण से जुड़े ब्रज क्षेत्र में अपनी वैचारिक और संगठनात्मक उपस्थिति मजबूत करना चाहती है। उन्होंने बताया कि बैठक के दोनों दिन उत्तर प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बैठक में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने जैसे विषयों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश चुनाव से पहले बूथ स्तर तक ऐसा मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने की होगी, जो मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर सके। नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।