तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में उन दो नेताओं को भी टिकट दिया गया है, जो दिसंबर 2025 में फुटबॉलर लियोनेल मेसी से जुड़े विवाद में फंस गए थे। इनमें से एक नेता अरूप बिस्वास हैं, जिन्होंने उस विवाद के बाद खेल मंत्री पद से इस्तीफा भी दे दिया था। अब उन्हें फिर से टॉलीगंज सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं सुजीत बोस को बिधाननगर से उम्मीदवार बनाया गया है।
दरअसल, कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में हुए G.O.A.T इवेंट में मेसी के आने का बड़ा प्रचार किया गया था। लेकिन वह कुछ ही मिनटों के लिए नजर आए, जिससे दर्शक नाराज हो गए। हजारों रुपए खर्च कर आए फैंस ने स्टेडियम में हंगामा भी किया।
विवाद तब और बढ़ गया जब यह आरोप लगे कि अरूप बिस्वास अपने परिवार के साथ मेसी के साथ फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे, जबकि आम दर्शक उन्हें ठीक से देख भी नहीं पाए। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि वे मेसी को देखने आए थे, लेकिन उन्हें सिर्फ बिस्वास ही दिखे।
विपक्ष, खासकर भारतीय जनता पार्टी ने इस इवेंट को 300 करोड़ रुपए का “फोटो-ऑप घोटाला” बताया था।
वहीं, सुजीत बोस पर आरोप लगा कि उन्होंने मैदान के बाहर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए, जिससे स्टेडियम का मेन इवेंट प्रभावित हुआ। उनके क्लब- श्री भूमि स्पोर्टिंग क्लब की ओर से मेसी की 70 फीट ऊंची मूर्ति भी लगाई गई थी, जो चर्चा का विषय बनी।
इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व इन दोनों नेताओं को संगठन के मजबूत चेहरे के तौर पर देखता है।
पुराने और भरोसेमंद नेताओं पर ही दांव लगा रही TMC: ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी इस बार अपने पुराने और भरोसेमंद नेताओं पर ही दांव लगा रही है।
तृणमूल कांग्रेस ने कुल 291 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। राज्य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी।
ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी, जहां उनका मुकाबला सुवेंदु अधिकारी से होगा।
इसके अलावा पार्टी ने अपने सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा को तीन सीटें दी हैं, जहां से उनके उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।