पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य कर्मचारी के महंगाई भत्ता (DA) को लेकर हलचल मची हुई है। इसी बीच विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला किया। बुधवार (11 फरवरी) को सॉल्ट लेक में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "DA अब कोई लंबित मामला नहीं है। सुप्रीम कोर्ट इस पर साफ निर्देश दे चुका है और राज्य सरकार को कर्मचारियों का बकाया DA देना ही होगा।" इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि अदालत ने 25 प्रतिशत DA देने की रूपरेखा तय कर दी है और 2008 से लंबित बकाया का भुगतान जल्द करने को कहा गया है। सुवेंदु ने चेतावनी दी कि अगर मार्च तक 25 प्रतिशत राशि नहीं दी गई, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
