West Bengal Election 2026 Voting: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार ममता बनर्जी ने बुधवार (29 अप्रैल) को चुनाव आयोग (ECI) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। भवानीपुर में एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं ममता बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, "बाहर से बहुत सारे ऑब्जर्वर आए हैं। BJP जो कहती है, वे वही कर रहे हैं। जरा आस-पास देखो, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे होते हैं? वोट वोटर डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं। हाल ही में कुछ नए लोग लाए गए हैं और वे जो चाहें कर रहे हैं। वे आतंकवाद कर रहे हैं।"
मुख्यमंत्री ममता ने आगे कहा, "देखिए हमारे (TMC) कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। जरा इस जुल्म को देखिए। किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांति से होती है। यह लोकतंत्र का त्योहार है। लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। इरादा बिल्कुल साफ है कि BJP जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन वे जगह नहीं छोड़ेंगे।"
ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां मतदान जारी है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को हरा दिया था।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह आठ बजे से पहले ही भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने निकल पड़ीं, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के मतदान केंद्र भी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्व बर्धमान जिलों के मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत था। मतगणना चार मई को होगी। आखिरी फेज में सुबह 9 बजे तक लगभग 18.39% वोटिंग हुई है।
पहले चरण में जहां भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर बंगाल में अपनी पकड़ को बरकरार रखने की कोशिश की, वहीं अंतिम चरण में मुकाबला तृणमूल के सबसे मजबूत गढ़ में है। सत्तारूढ़ पार्टी ने 2021 में इन 142 सीट में से 123 पर जीत हासिल की थी जबकि BJP को केवल 18 और इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) को एक सीट मिली थी। यह गणित बताता है कि भाजपा इस चरण को अपनी असली परीक्षा क्यों मान रही है।