बंगाल चुनाव से पहले CM ममता को बड़ा झटका! ED ने I-PAC के डायरेक्‍टर विनेश चंदेल को किया गिरफ्तार, TMC भड़की

Vinesh Chandel Arrested: अधिकारियों ने मंगलवार (14 अप्रैल) को बताया कि दिल्ली की एक विशेष अदालत ने I-PAC के सह-संस्थापक और डायरेक्टर विनेश चंदेल को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद 10 दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में भेज दिया है। चंदेल की गिरफ्तारी के बाद बंगाल में सियासी पारा हाई है

अपडेटेड Apr 14, 2026 पर 9:50 AM
Story continues below Advertisement
Vinesh Chandel Arrested: तलाशी के कुछ दिनों बाद ED ने I-PAC के सह-संस्थापक विनेश चंदेल को गिरफ्तार कर लिया है

Vinesh Chandel Arrested: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार (13 अप्रैल) रात पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (I-PAC) के डायरेक्टर और को-फाउंडर विनेश चंदेल को कथित कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि चंदेल को दिल्ली में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया।

दिल्ली में चंदेल के ठिकानों के अलावा, बेंगलुरु में आई-पैक के एक अन्य सह-संस्थापक और डायरेक्टर ऋषि राज सिंह के परिसर और मुंबई में आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व संचार प्रभारी विजय नायर के ठिकानों पर दो अप्रैल को ED ने छापेमारी की थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए ED ने 8 जनवरी को I-PAC के दफ्तर और इसके संस्थापकों और डायरेक्टरों में से एक प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की थी।

इस मामले में तब विवाद खड़ा हो गया, जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गईं। उस समय तब भारी विवाद खड़ा हुआ था कि मुख्यमंत्री कथित तौर पर जांच एजेंसी की कार्रवाई के बीच कुछ अहम फाइलें लेकर वहां से निकल गई थीं। चंदेल कंपनी के रणनीतिक संचालन के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चुनाव अभियान के प्रबंधन में बेहद अहम भूमिका निभा रहे थे।


क्या है पूरा मामला?

ED का यह मामला नवंबर 2020 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज की गई एक FIR पर आधारित है। इसमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल और उसके आसपास विशेष रूप से कुनुस्तोरिया और कजोरा इलाकों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा संचालित खदानों से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है। एक बयान में ED ने दावा किया था कि इस कथित कोयला तस्करी सिंडिकेट से जुड़े एक 'हवाला' ऑपरेटर ने I-PAC की रजिस्टर्ड यूनिट इंडियन PAC कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के लिए करोड़ों रुपये के लेन-देन में मदद की थी।

10 दिन की ED कस्टडी

अधिकारियों ने मंगलवार (14 अप्रैल) को बताया कि दिल्ली की एक विशेष अदालत ने I-PAC के सह-संस्थापक और डायरेक्टर विनेश चंदेल को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद 10 दिन की ED कस्टडी में भेज दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि NLIU भोपाल से लॉ ग्रेजुएट कर चुके चंदेल को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया। फिर सोमवार देर रात मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) की विशेष अदालत में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि अदालत ने उन्हें 10 दिन की ED हिरासत में भेज दिया।

TMC का पलटवार

ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के नेशनल जनरल सेक्रेटरी अभिषेक बनर्जी ने कहा, "बंगाल चुनाव से ठीक 10 दिन पहले I-PAC के को-फाउंडर विनेश चंदेल की गिरफ्तारी न सिर्फ चिंताजनक है- यह बराबरी के मौके के विचार को ही हिला देती है... एक तरफ इलेक्शन कमीशन है। दूसरी तरफ ED, NIA, CBI जैसी एजेंसियां ​​सबसे सेंसिटिव समय पर दखल दे रही हैं। इससे डर का माहौल बनता है, निष्पक्षता नहीं... यह एक गिरफ्तारी से कहीं बड़ा है।"

उन्होंने आगे कहा, "यह इस बारे में है कि क्या हमारे इंस्टीट्यूशन स्वतंत्र रहेंगे और क्या हर नागरिक, चाहे उनकी राजनीतिक सोच कुछ भी हो, बिना डरे हिस्सा ले सकता है... अमित शाह और भाजपा के पावर स्ट्रक्चर के लिए- 4 और 5 मई को बंगाल में रहें। ज्ञानेश कुमार और आपकी लगाई हर एजेंसी के साथ आएं। बंगाल को धमकाया नहीं जाएगा, चुप नहीं कराया जाएगा और झुकेगा नहीं। यह एक ऐसी ज़मीन है जो दबाव का जवाब विरोध से देती है और यह आपको दिखाएगी कि इसका क्या मतलब है!"

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC ने ED के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि एजेंसी बंगाल विधानसभा चुनावों से ठीक पहले I-PAC के परिसर से उनकी चुनाव रणनीति से जुड़े दस्तावेज लेने की कोशिश कर रही थी। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव होंगे। ED ने सुप्रीम कोर्ट से मुख्यमंत्री द्वारा सत्ता के घोर दुरुपयोग की CBI जांच की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट अभी इस मामले की सुनवाई कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।