Leander Paes: टेनिस स्टार लिएंडर पेस BJP में शामिल, पश्चिम बंगाल में लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव

Bengal Elections 2026: टेनिस के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस मंगलवार (31 मार्च) को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। माना जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 1:31 PM
Story continues below Advertisement
बंगाल चुनाव से पहले टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं

Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले टेनिस के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस मंगलवार (31 मार्च) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। पेस नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की मौजूदगी में भगवा पार्टी में शामिल हुए। माना जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

8 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले महान टेनिस खिलाड़ी के बीजेपी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। यह कदम उन्होंने पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले उठाया है। बंगाल चुनावों के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा। जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होनी तय है।

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में इस भगवा पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सूत्रों की मानें तो ऐसी संभावना है कि वे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।


टेनिस स्टार ने हाल ही में कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। उसके बाद से ही उनके भगवा पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। पेस साल 2021 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए थे।

उन्होंने 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों के दौरान TMC के लिए प्रचार किया था। हालांकि, उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था। उस वक्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पेस का गर्मजोशी से स्वागत किया था। सीएम ममता ने उन्हें छोटे भाई जैसा बताया था।

लिएंडर पेस पश्चिम बंगाल चुनावों में BJP को एक संभावित बढ़त दिला सकते हैं। खासकर कोलकाता जैसे शहरी इलाकों में उनकी अच्छी पहचान और साख है। पेस की लोकप्रियता और साफ-सुथरी सार्वजनिक छवि BJP को उच्च-मध्यम वर्ग के मतदाताओं, शहरी निर्वाचन क्षेत्रों और खेल प्रेमियों से जुड़ने में मदद कर सकती है। उनके शामिल होने से बंगाल के युवा मतदाताओं पर भी असर पड़ सकता है। इससे भगवा पार्टी पारंपरिक राजनीति से हटकर एक नई और महत्वाकांक्षी छवि पेश कर सकेगी।

कौन हैं लिएंडर पेस?

लिएंडर पेस भारत के महानतम टेनिस खिलाड़ियों में से एक हैं। पेस टेनिस डबल्स में एक विश्व-प्रसिद्ध हस्ती हैं। वह ओलिंपिक मेडल विजेता हैं। उन्होंने सात ओलिपिक खेलों में हिस्सा लेने वाले एकमात्र टेनिस खिलाड़ी होने की ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की है। पेस के नाम 1996 के अटलांटा ओलिंपिक में कांस्य पदक दर्ज है।

ये भी पढ़ें- Nalanda Sheetla Mandir Stampede News: बिहार के नालंदा में बड़ा हादसा! शीतला माता मंदिर में भगदड़ से 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

इससे वह टेनिस में ओलिंपिक मेडल जीतने वाले पहले एशियाई बन गए। ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में उन्हें जबरदस्त सफलता मिली है। उन्होंने पुरुषों के डबल्स में कई खिताब जीते हैं। इनमें फ्रेंच और US ओपन तीन-तीन बार और ऑस्ट्रेलियन एवं विंबलडन खिताब एक-एक बार शामिल हैं। पेस ने 10 मिक्स्ड डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब भी जीते हैं। इससे वह टेनिस के इतिहास में सबसे सफल डबल्स खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं।

उनके सफल करियर का एक बड़ा हिस्सा महेश भूपति के साथ उनकी साझेदारी रही है, जो भारत के महानतम टेनिस खिलाड़ियों में से एक हैं। टेनिस में अपनी शानदार उपलब्धियों के लिए पेस को 2024 में 'इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया गया था। वह वर्तमान में बंगाल टेनिस एसोसिएशन के प्रेसिडेंट हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में 2011 से ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।