पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही दिनों का समय है, ऐसे में सूबे की सियासी सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक पार्टी लगातार चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने चुनाव प्रचार को धार देने के लिए अपने दिग्गज नेताओं और प्रमुख चेहरों की एक लिस्ट जारी की है। 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि के नाम शामिल हैं।
भाजपा की इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, सांसदों और फिल्म जगत की हस्तियों तक के नाम शामिल हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान है।
लिस्ट में इन स्टार प्रचारकों का नाम
भाजपा की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ कई बड़े केंद्रीय नेता शामिल हैं। इनमें राजनाथ सिंह, जे. पी. नड्डा, नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, देवेंद्र फडणवीस, शिवराज सिंह चौहान, योगी आदित्यनाथ, हिमंत बिस्वा सरमा, अश्विनी वैष्णव, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, भूपेंद्र यादव, अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी और बिप्लब कुमार देब जैसे कई दिग्गज नेता शामिल हैं। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, कंगना रनौत, हेमा मालिनी, मनोज तिवारी, लिएंडर पेस के साथ सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर और अमित मालवीय जैसे कई केंद्रीय और राज्य स्तर के नेता भी बंगाल में प्रचार करते नजर आएंगे।
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। इस चुनाव में सभी पार्टियां वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए अलग-अलग रणनीतियां अपना रही हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। जहां भारतीय जनता पार्टी ने अपने बड़े नेताओं और स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है, वहीं तृणमूल कांग्रेस भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में अपने प्रमुख चेहरों के साथ जोरदार प्रचार कर रही है, जिससे राज्य का राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ है।
पीएम मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कूच बिहार में एक रैली के साथ अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने राज्य की “शक्ति” पूजा की परंपरा का उल्लेख किया, संदेशखली की घटना पर लोगों के गुस्से का जिक्र किया और बीजेपी को महिलाओं के लिए “सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण” देने वाली पार्टी के रूप में पेश किया। पीएम मोदी ने कहा, “देश के लिए यह जरूरी है कि फैसलों में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा हो। इसलिए हमारी सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला कानून बनाया है।”