West Bengal Election: 'BJP के लोगों को मछली, मांस और अंडा से... ' ममता बनर्जी का जोरदार हमला

West Bengal Election: ममता बनर्जी ने आगे कहा, “मुझसे सारी ताकतें छीन ली गई हैं, अब मुझे सिर्फ एक ही ताकत चाहिए—जनता की ताकत।” उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, “वे कहते हैं कि मैं पट्टियां बांधकर घूमती हूं। आप डॉक्टर से जाकर रिपोर्ट ले आइए। पिछली बार मुझे पैर में चोट थी, इसलिए पट्टी बांधकर ही लोगों के बीच जाना पड़ा था

अपडेटेड Mar 29, 2026 पर 3:55 PM
Story continues below Advertisement
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सूबे का सियासी महौल गरमा गई है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सूबे का सियासी महौल गरमा गई है। बंगाली वोटरों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने इस बार एक अलग तरह की राजनीति अपनाई है। आने वाले विधानसभा चुनावों में माहौल थोड़ा “मछली” के मुद्दे पर घूमता नजर आ रहा है। दरअसल, ‘माछ’ यानी मछली अब चुनावी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।  वहीं 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है।

ममता बनर्जी ने साधा जमकर निशाना 

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी कहती है कि आप मछली, मांस या अंडा नहीं खा सकते। वे किसी धर्म का सही सम्मान नहीं करते, दंगे भड़काते हैं। जिन राज्यों में उनकी सरकार है, वहां आदिवासियों का शोषण होता है और महिलाओं पर हमले होते हैं।” अपने इस बयान के जरिए ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी को बंगाल की संस्कृति और परंपराओं से दूर दिखाने की कोशिश की। उन्होंने आगे कहा, “भारतीय जनता पार्टी के एक बड़े नेता ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ आरोपों की सूची जारी की है, लेकिन असल में तो उनके खिलाफ ही ऐसी सूची बननी चाहिए।”


भाजपा ने जारी किया था चार्जशीट

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में कोलकाता में अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ 15 साल की एक “चार्जशीट” जारी की थी, लेकिन असल में सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के एक बहुत वरिष्ठ नेता, जो दंगों के सहारे सत्ता में आए हैं, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ चार्जशीट जारी की है। लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि पहले मुझे आपके खिलाफ चार्जशीट जारी करने दीजिए। आपने दंगों के जरिए कितने लोगों की जान ली है?” उन्होंने आगे कहा, “आप उस समय कहां थे, जब आपको अमेरिका से दिल्ली तक जंजीरों में लाकर पेश किया गया था? यह पूरी तरह बेईमान पार्टी है। यह ऐसे लोग हैं, जो आम जनता की आवाज तक नहीं सुनते। इनका काम लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाना है।” अपने भाषण में ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी दंगों को बढ़ावा देती है, तानाशाही सोच रखती है और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी पार्टी को वोट न दें।”

ममता बनर्जी ने आगे कहा, “मुझसे सारी ताकतें छीन ली गई हैं, अब मुझे सिर्फ एक ही ताकत चाहिए—जनता की ताकत।” उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, “वे कहते हैं कि मैं पट्टियां बांधकर घूमती हूं। आप डॉक्टर से जाकर रिपोर्ट ले आइए। पिछली बार मुझे पैर में चोट थी, इसलिए पट्टी बांधकर ही लोगों के बीच जाना पड़ा था।” ममता बनर्जी ने सख्त लहजे में आगे कहा, “क्या आप मुझ पर हमला करने की योजना बना रहे हैं? किसी के चरित्र पर आरोप लगाने से पहले कम से कम कुछ सबूत तो होना चाहिए। क्या आप मुझे नुकसान पहुंचाने की साजिश कर रहे हैं?”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।