West Bengal Election: जहांगीर वाली फाल्टा सीट पर अब 21 मई को रीपोल, इनके नतीजे 4 मई को नहीं अब इस दिन आएंगे

West Bengal Election: निर्वाचन आयोग ने शनिवार को डायमंड हार्बर जिला पुलिस को टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान से कथित तौर पर जुड़े करीबियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने का निर्देश दिया है। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी कि खान के सहयोगियों ने भाजपा का समर्थन करने पर उन्हें डराया और उनके परिवारों को धमकियां दीं

अपडेटेड May 02, 2026 पर 10:27 PM
Story continues below Advertisement
West Bengal Election: हाई-प्रोफाइल फाल्टा सीट को लेकर चुनाव आयोग (EC) ने एक बड़ा फैसला लिया है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दक्षिण 24 परगना जिले की हाई-प्रोफाइल फाल्टा सीट को लेकर चुनाव आयोग (EC) ने एक बड़ा फैसला लिया है। टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान से जुड़ी इस सीट पर अब पुनर्मतदान कराया जाएगा, जिसके कारण यहां चुनावी नतीजों की तारीख भी बदल गई है। चुनाव आयोग का यह फैसला शनिवार को मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर हुए पुनर्मतदान के बाद आया है।

24 मई को घोषित होंगे फाल्टा के नतीजे

चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, फाल्टा सीट पर अब 21 मई को नए सिरे से मतदान होगा। इसके साथ ही इस विशेष सीट के लिए मतों की गिनती अब 4 मई के बजाय 24 मई को की जाएगी।


जहांगीर खान के करीबियों पर गिरेगी गाज

निर्वाचन आयोग ने शनिवार को डायमंड हार्बर जिला पुलिस को टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान से कथित तौर पर जुड़े करीबियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने का निर्देश दिया है। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी कि खान के सहयोगियों ने भाजपा का समर्थन करने पर उन्हें डराया और उनके परिवारों को धमकियां दीं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, आयोग ने स्थानीय पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई या एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

क्यों लिया गया पुनर्मतदान का फैसला?

फाल्टा सीट पर दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। चुनाव के दौरान और बाद में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। भाजपा ने पूरी सीट पर फिर से चुनाव कराने की मांग की थी। आरोप था कि कई बूथों पर ईवीएम में भाजपा उम्मीदवार के बटन को सफेद टेप से ढका गया था। विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने निर्वाचन क्षेत्र के 30 बूथों पर नए सिरे से मतदान की सिफारिश की थी। मतदान शुरू होने से पहले ही जहांगीर खान और चुनाव आयोग के विशेष पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा के बीच टकराव के कारण यह सीट चर्चा में थी। मतदान के दिन भी फाल्टा और डायमंड हार्बर सब-डिवीजन में छिटपुट हिंसा की खबरें आई थीं।

अन्य सीटों पर पुनर्मतदान का हाल

शनिवार को दक्षिण 24 परगना के मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर पुनर्मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई। यहां 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़, पार्टी प्रतीकों को ढकने और निगरानी में खामियों की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने यह कदम उठाया था। इन 15 बूथों के नतीजे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 मई को ही आएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।