West Bengal Election Voting 2026: पश्चिम बंगाल में वोटिंग के दिन पहली बार बुधवार (29 अप्रैल) को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बाहर निकलीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग बूथों का दौरा किया, जहां अभी वोटिंग चल रही है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ है। यहां उनका मुकाबला विपक्ष के नेता और सीनियर बीजेपी लीडर शुभेंदु अधिकारी से है। यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। इसे नंदीग्राम का एक प्रतीकात्मक रीमैच (दोबारा मुकाबला) समझा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु ने ममता को हराया था।
TMC प्रमुख आम तौर पर वोटिंग के दिन दोपहर में अपने कालीघाट आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में अपना वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह 8 बजे से पहले ही बाहर निकल गईं। उन्होंने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग पोलिंग स्टेशनों का दौरा किया, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के स्टेशन भी शामिल थे।
इतना ही नहीं भवानीपुर में एक पोलिंग स्टेशन के बाहर एक साधारण नेता की तरफ बैठ गईं। TMC प्रमुख पश्चिम बंगाल में राज्य चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के दौरान भवानीपुर के चक्रबेरिया सर्बोजनिन में मौजूद हैं। वे इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच 142 सीटों पर वोटिंग चल रही है।
इस दौरान ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "... बाहर से बहुत सारे ऑब्ज़र्वर आए हैं। BJP जो कहती है, वे वही कर रहे हैं। ज़रा आस-पास देखो, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे होते हैं? वोट वोटर डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं। हाल ही में कुछ नए लोग लाए गए हैं और वे जो चाहें कर रहे हैं। वे आतंकवाद कर रहे हैं।"
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्व बर्धमान जिलों के मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत था। मतगणना चार मई को होगी।
294 सदस्यों वाली विधानसभा में से आज 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी है। यहां सीएम ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है। वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह BJP के मौजूदा विधायक भी हैं।