Yusuf Pathan News: पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी सरगर्मी के बीच एक बहुत ही बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर यूसुफ पठान के तीन रिश्तेदारों को मुंबई के भायखला इलाके में कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें यूसुफ पठान के ससुर और साले भी शामिल हैं। आरोप है कि TMC सांसद के साले शोएब पठान और उनके ससुर खालिद पठान एवं उनके अन्य रिश्तेदारों ने पीड़ित यूसुफ खान को एक मामूली बात को लेकर बांस के डंडों से हमला कर दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
पूरी मारपीट की घटना इलाके में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार 18 अप्रैल 2026 को हुई। एक स्थानीय निवासी पीड़ित यूसुफ खान (30) अपनी कार से घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनकी कार एक पानी के गड्ढे से गुजरी जिससे पानी उछलकर यूसुफ पठान के साले शोएब खान (35) पर जा गिरा।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, यूसुफ खान ने बताया कि उन्होंने माफी मांगने के लिए गाड़ी रोकी। लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गई। आरोप है कि शोएब ने उनके साथ गाली-गलौज की। फिर बांस की लाठी से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और उन पर हमला कर दिया। घर पहुंचने के बाद यूसुफ खान के परिवार वालों ने उन्हें पुलिस के पास जाने की सलाह दी। हालांकि, रास्ते में उनका सामना यूसुफ के ससुर खालिद खान से हो गया।
पुलिस ने बताया कि खालिद ने अपने बेटे उमरशाद खान (35), शोएब खान और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान के साथ मिलकर यूसुफ खान एवं उनके रिश्तेदारों के साथ फिर से झगड़ा शुरू कर दिया। जांचकर्ताओं का आरोप है कि इसके बाद इस ग्रुप ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ खान और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।
इस हमले के दौरान यूसुफ खान के भाई सलमान का हाथ टूट गया। जबकि उनके चाचा जकी अहमद को गंभीर चोटें आई हैं। पूरी मारपीट की घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने ससुर समेत तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें 118(2), 115(2), 324, 352, 351(2) और 3(5) शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों को अदालत में पेश किया गया। यहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मुंबई पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और हमले में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों (जैसे बांस की लाठियां और बेसबॉल बैट) की बरामदगी के आधार पर की गई हैं।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर यूसुफ पठान ने दावा किया है कि ममता बनर्जी फिर से सत्ता में आएंगी। 294 विधानसभा सीटों के लिए बंगाल में दो चरण में 23 और 29 को मतदान कराए जाएंगे। 4 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा। इस गिरफ्तारी की शोर बंगाल में सुनाई देगी।