बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की सिक्योरिटी कार हाल ही में मुंबई में एक सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर अभिनेता के फैंस भी चिंतित नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये हादसा मुंबई के जुहू इलाके में थिंक जिम के पास हुआ, जहां अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात ये रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हादसे की गंभीरता साफ नजर आ रही है, जिसके चलते ये मामला सुर्खियों में आ गया है।
सोमवार सुबह हुआ हादसा, पलटी सिक्योरिटी कार
जानकारी के मुताबिक ये हादसा सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जिस कार का एक्सीडेंट हुआ, उसमें अक्षय कुमार के सिक्योरिटी गार्ड मौजूद थे। टक्कर इतनी तेज थी कि सिक्योरिटी कार सड़क पर पलट गई, जबकि सामने से आ रहा ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में कार चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया।
इस भीषण टक्कर में ऑटो रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। कुछ देर के लिए रिक्शा चालक और यात्री वाहन में फंस गए थे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात ये रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
एनिवर्सरी से लौटते ही सामने आई खबर
गौरतलब है कि अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ 25वीं वेडिंग एनिवर्सरी मनाकर हाल ही में विदेश से मुंबई लौटे थे। कपल ने अपने खास मौके की झलक सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसे फैंस का खूब प्यार मिला। इसी बीच उनकी सिक्योरिटी कार से जुड़ी ये खबर सामने आई, जिसने सभी को चौंका दिया।