सोहम शाह की फिल्म तुम्बाड साल 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को लोगों को काफी प्यार मिला था। ये फिल्म शुरुआत में धीमी रफ्तार से चली, लेकिन बाद में ये फिल्म एक कल्ट हिट बन गई। साल 2024 में फिल्म को दोबारा से री-रिलीज किया गया। री-रिलीज में इस फिल्म ने कमाल का प्रदर्शन किया था। दर्शकों ने इसकी अनोखी कहानी, लालच और पौराणिक तत्वों से जुड़ी डरावनी दुनिया को पसंद किया। वहीं अब इस फिल्म के सीक्वल की तैयारी शुरू हो चुकी है। वहीं तुम्बाड 2 को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। वहीं खबर है कि मेकर्स इस बार फिल्म की रहस्यमयी और डरावनी दुनिया को और बड़े स्तर पर पेश करना चाहते हैं।
कास्टिंग में होगा बड़ा बदलाव
बढ़ते इंतजार के बीच इंडस्ट्री में चर्चा है कि सीक्वल में विलेन की कास्टिंग बड़ा बदलाव ला सकती है। इस डेवलपमेंट से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, “तुम्बाड 2 की कहानी में एक मजबूत विलेन अहम भूमिका में है। टीम चाहती है कि सीक्वल को और प्रभावशाली नेगेटिव लीड के साथ और बेहतर बनाया जाए। नेगेटिव रोल के लिए अक्षय खन्ना और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी जैसे नामों पर बातचीत चल रही है। जटिल और अनपेक्षित किरदार निभाने की उनकी क्षमता उन्हें तुम्बाड की दुनिया के लिए उपयुक्त बनाती है।”
सूत्र ने आगे कहा, “मकसद ऐसे विलेन को लाने का है जो सिर्फ खतरनाक ही न हो, बल्कि उसके किरदार में कई परतें भी हों, ऐसा व्यक्ति जो तीव्रता और गहराई के मामले में सोहम के किरदार का बराबरी से सामना कर सके।”
जल्द शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
फिलहाल फिल्म के आधिकारिक कास्टिंग की घोषणा बाकी है, लेकिन चर्चाओं ने ही फिल्म को लेकर एक्साईटमेंट बढ़ा दिया है। अगर अक्षय खन्ना या नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी में से कोई विलेन की भूमिका निभाते हैं, तो तुम्बाड 2 में गहरी मानसिक टकराव और पौराणिक रहस्य से भरा जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होगी। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सीक्वल भारतीय फैंटेसी-हॉरर को नए स्तर पर ले जाएगा और पहले से ज्यादा गंभीर, भव्य और इमोशनल रूप से गहरी कहानी पेश करेगा।
सोहम शाह के लिए तुम्बाड 2 सिर्फ एक नई फिल्म नहीं है, बल्कि उनकी बनाई कहानी को आगे बढ़ाने का बड़ा मौका है। वह इस फिल्म को अपने बैनर सोहम शाह फिल्म्स के तहत बना रहे हैं और इसमें एक्टर और प्रोड्यूसर दोनों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी कोशिश है कि सीक्वल में भी वही रहस्य और गहराई बनी रहे, जिसने पहली फिल्म को अलग पहचान दी थी। वह चाहते हैं कि कहानी की असली भावना बनी रहे, लेकिन इसे पहले से ज्यादा बड़े और बेहतर तरीके से दिखाया जाए। पेन स्टूडियोज के साथ जुड़ने का मतलब है कि तुम्बाड 2 को बड़े पैमाने पर बनाया जाएगा। इस साझेदारी से फिल्म को मजबूत आर्थिक सहयोग और अच्छी रिलीज व्यवस्था का फायदा मिलेगा, जिससे यह ज्यादा दर्शकों तक पहुंच सकेगी।