साउथ से लेकर बॉलीवुड और अब इंटरनेशनल लेवल तक, सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की लोकप्रियता लगातार नए मुकाम छू रही है। उनकी फिल्मों का क्रेज सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विदेशी दर्शकों के बीच भी वो दिलों पर राज कर रहे हैं। इसी कड़ी में उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ की जापान में रिलीज ने खासा ध्यान खींचा। फिल्म के जापान पहुंचते ही अल्लू अर्जुन भी अपने परिवार के साथ टोक्यो रवाना हुए, जहां उन्हें जबरदस्त फैन लव देखने को मिला। टोक्यो में एक जापानी फैन के साथ उनका एक भावुक और बेहद खास पल कैमरे में कैद हो गया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।
इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अल्लू अर्जुन सिर्फ एक स्टार नहीं, बल्कि एक ग्लोबल आइकन बन चुके हैं, जिनकी सादगी और अपनापन हर देश के दर्शकों को जोड़ देता है।
फैंस कर रहे हैं अल्लू अर्जुन की तारीफ
ये वीडियो इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर कंचन और पृथ्वी ने शेयर किया, जो फैन मीट में मौजूद थे। वीडियो में फैंस ने अल्लू अर्जुन की विनम्रता और सहजता की जमकर तारीफ की। वहीं, अल्लू अर्जुन अपने परिवार के साथ टोक्यो ट्रिप का पूरा आनंद लेते नजर आए। उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर ट्रिप की झलकियां भी शेयर कीं, जिसमें घूमने-फिरने और लोकल जगहों पर जाने के खूबसूरत पल शामिल हैं।
अल्लू अर्जुन ने टोक्यो के प्रसिद्ध सेंसो-जी बौद्ध मंदिर से एक फैमिली फोटो भी शेयर की। इस तस्वीर में वो पत्नी स्नेहा और अपने बच्चों के साथ पोज देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसे फैंस ने बेहद पसंद किया।
जापान में पुष्पा 2 की ओपनिंग
‘पुष्पा 2: द रूल’ 4 दिसंबर, 2024 को भारत में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की। फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 1,871 करोड़ रुपये कमाए, और ये अब तक की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई। हालांकि, जापान में फिल्म की ओपनिंग ठीक-ठाक रही। Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, पुष्पा 2 के पहले दिन जापान में लगभग 886 एडमिशन दर्ज हुए। तुलना के लिए, RRR के पहले दिन 8,230 और साहो के पहले दिन 6,510 एडमिशन दर्ज किए गए थे।