Amaal Mallik: बॉलीवुड सिंगर अमाल मलिक इस समय काफी चर्चा में है। कुछ महीनों पहले सिंगर अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला था, जिसमें उन्होंने अपने परिवार से सारे रिश्ते खत्म करने की बात कही थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने भाई अरमान मलिक से बढ़ती दूरियों के लिए अपने माता-पिता को जिम्मेदार ठहराया था। अब अमाल मलिक ने इस वायरल पोस्ट पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि उनके इस बयान से उनके माता-पिता को ठेस जरूर पहुंची है। लेकिन इस पूरे मामले के बाद उनका परिवार अब पहले से थोड़ा और करीब आ गया है।
पोस्ट के बाद फैमिली और करीब आई
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में अमाल मलिक ने अपने उस पोस्ट के बाद परिवार में आए बदलावों के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "मेरे माता-पिता अब सब समझते हैं। इस पोस्ट ने हमें एक परिवार के तौर पर और भी करीब ला दिया है। हां उन्हें थोड़ी तकलीफ जरूर हुई थी, लेकिन उन्होंने समझा कि उनका बेटा बहुत कुछ महसूस कर रहा था और हम उसकी भावनाएं समझने में पीछे रह गए थे।"
गायक अमाल मलिक ने आगे कहा, "उस पोस्ट के बाद हमारा रिश्ता पहले से भी ज्यादा खास और खूबसूरत हो गया है। कुछ लोग भले ही ये कह रहे हों कि मैंने अपने परिवार को तोड़ दिया, लेकिन सच तो ये है कि इससे हमारा परिवार और करीब आ गया है। अब हम पहले से ज्यादा मजबूत और खुश हैं और खुलकर बात कर पा रहे हैं।"
हर पोस्ट लाइमलाइट के लिए नहीं होता
अमाल मलिक ने कहा, "शायद मेरी पोस्ट अचानक लग सकती है, लेकिन ये एक लंबे समय से जमा हो रही इमोशन्स का नतीजा थी। ये सिर्फ किसी चर्चा में आने या सुर्खियों में रहने के लिए नहीं किया गया था। हर कोई जो बोलता है, उसका मकसद लाइमलाइट पाना नहीं होता।" सिंगर अमाल मलिक ने आगे कहा, "हम सब बहुत कुछ महसूस करते हैं, लेकिन उस वक्त मुझे अपने परिवार, फैंस और आसपास के लोगों से जो प्यार और सहारा मिला, उसने मुझे यह अहसास दिलाया कि मैं भी मायने रखता हूं। कम से कम इतना कि खुद को छोड़ न दूं। मेरी उस पोस्ट का असर यही रहा। सच कहूं तो मैं खुद से दूर होता जा रहा था, लेकिन अब मैं ऐसा नहीं करना चाहता।"
अमाल मलिक ने क्या पोस्ट किया था
मार्च में गायक अमाल मलिक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि, "उन्होंने अपने परिवार से रिश्ता खत्म कर लिया है। अमाल के मुताबिक, उनके माता-पिता के रवैये की वजह से उनके और उनके भाई-बहनों के बीच दूरी आ गई। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्हें क्लिनिकल डिप्रेशन है। हालांकि बाद में अमाल ने अपनी पोस्ट हटा दी और मीडिया से अपील की कि उनके परिवार को परेशान न किया जाए।"