Anup Jalota: ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने "सांप्रदायिक"कमेंट के लिए आलोचनाओं का सामना करने के बाद अपना रुख स्पष्ट कर दिया है, लेकिन इस पर रिएक्शन आने अभी शांत नहीं हुए हैं। सबसे ताज़ा और तीखी प्रतिक्रिया गायक अनुप जलोटा की ओर से आई है, जिन्होंने खुले तौर पर रहमान की आलोचना की है और उन्हें खासा सुझाव भी दिया है।
रहमान के कमेंट पर अनुप जलोटा की प्रतिक्रिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में जलोटा स्पष्ट कहते हैं कि वे रहमान के विचारों से सहमत नहीं हैं और संगीतकार की धार्मिक पहचान का जिक्र करते हैं। वीडियो में, अनुप को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान पहले हिंदू थे। उसके बाद उन्हें इस्लाम धर्म अपना लिया और बहुत काम किया, बहुत नाम कमाया, लोगों के दिलों में बहुत अच्छी जगह बनाई। लेकिन अगर उन्हें इस बात का विश्वास है कि हमारे देश में मुस्लिम होने की वजह से उनको काम नहीं मिल रहा है, तो फिर वो दोबारा हिंदू हो जाएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, " उनको ये विश्वास होना चाहिए कि हिंदू होने के बाद, धर्मांतरण हो जाने के बाद, उनको फिर से फिल्में मिलनी शुरू हो जाएंगी। यही तो उनका मतलब है। तो मेरी सलाह है कि वो हिंदू हो जाएं और फिर कोशिश करें कि उनको दोबारा फिल्में मिलें या नहीं।
यह विवाद रहमान के बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए गए इंटरव्यू से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने खुलकर बताया कि पिछले कुछ सालों में हिंदी सिनेमा के साथ उनका रिश्ता कैसे बदला है। सिंगर ने कहा था कि पिछले आठ सालों पर विचार करते हुए रहमान ने कहा, "शायद पिछले आठ वर्षों में, क्योंकि सत्ता में बदलाव आया है और अब सत्ता उन लोगों के हाथ में है जो रचनात्मक नहीं हैं।" उन्होंने आगे कहा, "यह सांप्रदायिक मुद्दा भी हो सकता है... लेकिन यह सीधे तौर पर मेरे सामने नहीं है। यह मुझे कानाफूसी के रूप में सुनाई देता है।"
रहमान ने इस बात पर भी जोर दिया कि वह काम के पीछे नहीं भागते और मानते हैं कि ईमानदारी से काम करने पर अवसर अपने आप मिलते हैं। उन्होंने कहा कि मंदी ने उनके आत्मविश्वास या आंतरिक शांति को नहीं डिगाया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या बॉलीवुड में गैर-महाराष्ट्रीयन या दक्षिण भारतीय कलाकारों के प्रति भेदभाव मौजूद है, तो रहमान ने कहा कि उन्होंने इसे कभी प्रत्यक्ष रूप से अनुभव नहीं किया है।