Get App

Anupam Kher: 'मेरे पास इसका 10% भी नहीं है', 400-500 करोड़ रुपये की नेट वर्थ होने के दावों पर बोले अनुपम खेर

Anupam Kher: अनुपम खेर ने किराए के घर में रहने का फैसला लेने के बाद खुद को फ्री महसूस करने की बात स्वीकार की। वहीं उन्होंने अपनी नेटवर्थ किए जा रहे दावों को गलत बताया।

Manushri Bajpaiअपडेटेड Nov 22, 2026 पर 12:07 PM
Anupam Kher: 'मेरे पास इसका 10% भी नहीं है', 400-500 करोड़ रुपये की नेट वर्थ होने के दावों पर बोले अनुपम खेर
अनुपम खेर ने नितेश तिवारी की भव्य फिल्म 'रामायण' में पौराणिक पात्र 'जटायु' को अपनी आवाज दी है। इसके बाद वह सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ नजर आएंगे।

Anupam Kher: अनुपम खेर ने उन ऑनलाइन दावों पर प्रतिक्रिया दी है, जिनमें कहा गया था कि उनकी नेट वर्थ 400-500 करोड़ रुपये है। अभिनेता ने इन आंकड़ों को खारिज करते हुए बताया कि उनके पास बताई गई रकम का 10% भी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि अपना घर अभिनेत्री आलिया भट्ट को बेचने के बाद वे अभी एक किराए के अपार्टमेंट में रह रहे हैं।

'द अनफिल्टर्ड आवर' यूट्यूब चैनल पर पत्रकार भारती प्रधान के साथ बातचीत में अनुपम खेर ने बताया कि किराए के घर में रहने का फैसला लेने के बाद उन्हें एक तरह की आजादी महसूस हुई। उन्होंने कहा- "जिस दिन मैंने किराए के अपार्टमेंट में रहने का फैसला किया, उसी दिन मैंने खुद को आजाद कर लिया। यह फैसला मैंने 10 साल पहले लिया था। अब मुझे प्रॉपर्टी को लेकर कोई तनाव नहीं रहता। मैंने सिर्फ शिमला में एक घर खरीदा था, वह भी अपनी मां के लिए। मैं और मेरा भाई दोनों ही किराए के अपार्टमेंट में रहते हैं और हम इसमें खुश हैं।"

अभिनेता ने बताया कि किराए के घर में रहने का फैसला लेने के बाद उन्हें काफी राहत मिली, क्योंकि इससे घर के मालिकाना हक से जुड़ा तनाव खत्म हो गया। उन्होंने आगे कहा- "अपना घर मैंने आलिया भट्ट को बेच दिया। उसके बाद हम दूसरे घर में शिफ्ट हो गए। उसी दौरान किरण सांसद बन गईं, इसलिए वे चंडीगढ़ चली गईं। मैं एक घर की तलाश कर रहा था, तभी मुझे एहसास हुआ कि मैं किराए के अपार्टमेंट में ही रहना जारी रख सकता हूं।"

अनुपम खेर ने उन ऑनलाइन रिपोर्ट्स पर निराशा जताई है, जिनमें दावा किया गया था कि उनकी नेट वर्थ 400 से 500 करोड़ रुपये के बीच है। उन्होंने कहा- "लोगों को लगता है कि मैं बहुत अमीर हूं। अगर आप गूगल पर मेरी नेट वर्थ देखेंगे तो हैरान रह जाएंगे। कभी-कभी तो मेरा मन करता है कि मैं उन पर केस कर दूं। मेरे पास 400-500 करोड़ रुपये का 10% भी नहीं है। मेरे दोस्त इंटरनेट पर यह सब पढ़ते हैं और मुझसे मजाक में कहते हैं कि इस रकम में से कुछ उन्हें भी भेज दूं।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें