ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स यानी BAFTA ने इस साल के फिल्म अवॉर्ड्स के नॉमिनेशन जारी कर दिए हैं। इस बार के नॉमिनेशन में भारत की मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ को बेस्ट चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में जगह मिली है। ये नॉमिनेशन भारतीय रीजनल सिनेमा के लिए गर्व का पल है, क्योंकि इससे मणिपुरी सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खास पहचान मिली है। BAFTA ने 27 जनवरी को नॉमिनेशन की घोषणा की थी। मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ अब 'आर्को', 'लिलो एंड स्टिच' और 'जूट्रोपोलिस 2' जैसी बड़ी इंटरनेशनल फिल्मों के साथ बेस्ट चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में मुकाबला कर रही है।
लक्ष्मीप्रिया देवी के निर्देशन में बनी ‘बूंग’ उनकी पहली फीचर फिल्म है। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत बनी है। इस फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। ‘बूंग’ सितंबर 2024 में भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ये फिल्म अपनी सरल कहानी और मणिपुर की असली जिंदगी को दिखाने की वजह से दर्शकों को तुरंत पसंद आ गई।
मणिपुर की घाटी में बनी फिल्म ‘बूंग’ एक छोटे लड़के की कहानी दिखाती है, जो अपनी मां को सबसे खास तोहफा देना चाहता है। उसके लिए यह तोहफा अपने अलग रह रहे पिता को घर वापस लाना है। मासूम सोच और पक्के इरादे के साथ वह अपने पिता की तलाश में निकल पड़ता है। जो सफर एक साधारण कोशिश से शुरू होता है, वह धीरे-धीरे भावनाओं से भरी एक खोज बन जाता है। इस सफर में उसे जिंदगी की नई शुरुआत का रास्ता दिखाता है। फिल्म में गुगुन किपगेन और बाला हिजाम ने मुख्य भूमिका निभाई है, और दोनों की एक्टिंग को खूब सराहा गया है।
BAFTA में पहचान मिलने से पहले ही फिल्म ‘बूंग’ ने फिल्म फेस्टिवल्स में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसका वर्ल्ड प्रीमियर 2024 में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ, जहां इंटरनेशनल दर्शकों ने इसे पसंद किया। इसके बाद मेलबर्न के इंडियन फिल्म फेस्टिवल में इसे स्पॉटलाइट फिल्म चुना गया, जिससे यह साल की चर्चित भारतीय इंडिपेंडेंट फिल्मों में अपनी खास जगह बना पाई।
BAFTA फिल्म अवार्ड्स 2026 का समारोह 22 फरवरी को लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित होगा, जिसे एक्टर एलन कमिंग होस्ट करेंगे। फिल्म ‘बूंग’ और इसके मेकर्स के लिए यह नॉमिनेशन अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इसके जरिए एक बेहद निजी और सच्ची मणिपुरी कहानी को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म प्लेटफॉर्म्स में से एक पर खास पहचान मिलने जा रही है।