Kaun Banega Crorepati 17 : शूटिंग की pics पोस्ट कर बिग बी ने अफवाहों पर लगायी रोक

अमिताभ बच्चन ने शो छोड़ने की अफवाहों के बीच 'कौन बनेगा करोड़पति' 17 की शूटिंग शुरू करते हुए सेट से तस्वीरें पोस्ट की हैं। नए सीजन का प्रीमियर इसी साल अगस्त में होने की उम्मीद है। अमिताभ बच्चन 2000 से केबीसी की मेजबानी कर रहे हैं और अब तक 16 सीजन होस्ट किये हैं

अपडेटेड Jul 09, 2025 पर 10:00 PM
Story continues below Advertisement

बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने Kaun Banega Crorepati (KBC) के अगले सीजन की शूटिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने केबीसी के अगले सीजन की मेजबानी छोड़ने की खबरों का भी खारिज कर दिया है। कुछ समय पहले अगले यानी 17वें सीजन में उन्हें सलमान खान द्वारा रीप्लेस करने की खबरें चल रही थीं। केबीसी के 17वें सीजन का प्रीमियर इसी साल अगस्त में होने की उम्मीद है।

अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक टम्बलर ब्लॉग पर टीवी रियलिटी गेम शो के सेट से कई तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ ही उन्होंने अपने लाखों-करोड़ों चाहने वालों को फिर से केबीसी की मेजबानी करने की गुड न्यूज भी दी।

बिग बी ने कौन बनेगा करोड़पति सीजन 17 की फोटो के साथ अपने ब्लॉग में लिखा, ‘शुरू कर दिया काम।’ उन्होंने आगे हंसने वाली इमोजी के साथ लिखा, ‘और तैयारी शुरू हो गई है।’ अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग पर अक्सर फैन्स के लिए कुछ न कुछ पोस्ट करते रहते हैं। आने वाली फिल्मों, जीवन की घटनों से जुड़ी तस्वीरें, अपने विचार और अन्य अपडेट्स।

ब्लॉग में उन्होंने आगे तस्वीरों के साथ लिखा है, ‘इसी के साथ लोगों के पास लौट रहा हूं..अपने जीवन को बेहतर बनाने की इच्छा में जुटे लोगों के साथ होने के लिए.. एक ऐसा अवसर जो जीवन बदल देता है.. एक घंटे में...।’

82 साल के बिग बी ने पोस्ट के अंत में लिखा, ‘मेरा प्यार और सम्मान, अमिताभ बच्चन’

सेट से पोस्ट फोटो में बिग बी एक कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके सामने लैपटॉप है, जिसपर केबीसी का लोगो बना हुआ है। तस्वीरें देखकर लग रहा है कि वह किसी से बातचीत कर रहे हैं। तस्वीरों में वह बेहद खुश नजर आ रहे हैं। उन्होंने मल्टीकलर का जैकेट, चश्मा और टोपी भी लगा रखी है।


अमिताभ बच्चन 2000 से केबीसी की मेजबानी कर रहे हैं और अब तक 16 सीजन होस्ट किये हैं। इस पॉपुलर टीवी गेम शो का सिर्फ तीसरा सीजन उन्होंने नहीं शाहरुख खान ने होस्ट किया था। मई में Bollywood Hungama ने एक रिपोर्ट में कहा गया था कि अमिताभ बच्चन निजी कारणों से केबीसी की मेजबानी छोड़ रहे हैं। उनकी जगह अगला सीजन सलमान खान होस्ट करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।