बिग बॉस 16 से भारतीय दर्शकों के दिल में अपनी खास जगह बनाने वाले ताजीकिस्तानी गायक अब्दु रोजिक को दुबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। शनिवार को मोंटेनेग्रो शहर से वापस लौटने पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। 21 साल के अब्दु की मैनेजमेंट कंपनी ने दुबई के खलीज टाइम्स को दी जानकारी में इसकी पुष्टि की। हालांकि कंपनी ने ये बताने से इनकार कर दिया कि उन्हें किस चीज के चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
अब्दु की मैनेजमेंट कंपनी ने बताया कि ‘हम बस इतना कह सकते हैं कि उन्हें चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया है।’ लेकिन इससे ज्यादा की जानकारी कंपनी ने देने से इनकार कर दिया है। अधिक जानकारी के लिए उनके फैंस को इंतजार करना होगा। अब्दु इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं।
बिग बॉस 16 के बाद भारत में बढ़ी लोकप्रियता
अब्दु रोजिक की भारत में लोकप्रियता पॉपुलर टीवी रियल्टी शो बिग बॉस 16 में शामिल होने के बाद बढ़ी। इस ताजीकिस्तानी सिंगर के वीडियो सोशल मीडिया पर छाए रहत हैं। उनके फनी वीडियो को फैंस बहुत पसंद करते हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर से उन्हें झटका लगा है। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब उनका नाम किसी कॉन्ट्रोवर्सी से जुड़ा है। भारत में पिछले साल मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उनसे पूछताछ की थी, जिसके बाद उनका नाम मीडिया में छाया रहा था।