रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' की रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर तूफान मच गया है। 19 मार्च को बड़े परदे पर धमाल मचाने वाली इस फिल्म के पेड प्रीव्यूज (18 मार्च) की टिकटें रिकॉर्ड कीमतों पर बिक रही हैं। मुंबई के प्रीमियम थिएटर्स में टिकट 3100 रुपए तक पहुंच गए हैं, जबकि दिल्ली-एनसीआर में 2400 रुपए का भाव है। बावजूद ऊंचे दामों के, बुकिंग ऐप्स पर सीटें तेजी से खत्म हो रही हैं।
बुकमायशो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर दिल्ली के पेड प्रीव्यू शोज की शुरुआती कीमत 350 रुपए से शुरू होकर रेकलाइनर और वीआईपी सीट्स पर 2200-2500 रुपए तक जा रही है। मुंबई में दोपहर 4:45 बजे से रात 11:45 तक के शोज 300 से 3100 रुपए के दायरे में बिक रहे। फैंस की भारी मांग के चलते कई सिनेमाघर हाउसफुल हो चुके हैं, खासकर क्लासिक, प्राइम और एग्जीक्यूटिव सेक्शन हाउसफुल हैं। हैदराबाद, बेंगलुरु समेत अन्य शहरों में भी 290-1400 रुपए की रेंज देखी जा रही है। जियो स्टूडियोज प्रोडक्शन ने इस हाइप को भुनाया है, जिससे पहले ही 5 करोड़ से ज्यादा की कमाई हो चुकी।
आदित्य धर निर्देशित इस सीक्वल का ट्रेलर रिलीज होते ही वायरल हो गया था, जिसमें रणवीर के डबल रोल ने सबको चौंका दिया। पहली 'धुरंधर' ने 1000 करोड़ क्लब में एंट्री मारकर इतिहास रचा था। अब 'द रिवेंज' में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना जैसे सितारे हैं, जो एक्शन और बदले की कहानी को ग्रैंड बनाते हैं। एडवांस बुकिंग 7 मार्च से शुरू हुई, और 12 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। सोशल मीडिया पर फैंस रणवीर को 'बॉलीवुड का टाइगर' बता रहे।
फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस पर आधारित है, जिसमें रणवीर सिंह का बेहद इंटेंस और रहस्यमयी अवतार देखने को मिलेगा। ट्रेलर रिलीज़ के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा है और ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग दे सकती है।