रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' 19 मार्च को रिलीज होने जा रही है, लेकिन इससे पहले ही इसने विदेशों में हलचल मचा दी है। खासकर अमेरिका में फिल्म की एडवांस बुकिंग उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज रफ्तार पकड़ चुकी है। प्रीमियर शोज के लिए टिकटों की बिक्री जिस स्पीड से हो रही है, उससे साफ है कि दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। रिलीज से पहले ही मिल रहे इस शानदार रिस्पॉन्स ने ट्रेड एक्सपर्ट्स का ध्यान खींच लिया है।
माना जा रहा है कि फिल्म ओपनिंग डे पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है। अभी ट्रेलर और प्रमोशन का असर पूरी तरह दिखना बाकी है, ऐसे में आने वाले दिनों में आंकड़े और भी चौंका सकते हैं। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
USA में रिकॉर्डतोड़ एडवांस बुकिंग
3 मार्च सुबह 10 बजे तक फिल्म ने सिर्फ प्रीमियर शो के लिए USD 67,000 की कमाई कर ली। 220 लोकेशंस पर 300 से ज्यादा शो के लिए करीब 4000 टिकट बिक चुके हैं। ओपनिंग डे की कुल एडवांस सेल USD 100K पार कर गई है। खास बात यह है कि अभी Cinemark और AMC जैसे बड़े थिएटर चेन में बुकिंग शुरू नहीं हुई है।
इंटरनेशनल मार्केट में भी जलवा
US के अलावा UK और अन्य देशों में भी फिल्म की शानदार प्री-सेल्स चल रही है। ओवरसीज एडवांस बुकिंग करीब USD 150K (लगभग 1.37 करोड़ रुपये) तक पहुंच चुकी है।
ट्रेलर के बाद और तेज होगी रफ्तार
निर्देशक Aditya Dhar की इस स्पाई-एक्शन फिल्म का ट्रेलर जल्द आने वाला है, जिससे टिकट बिक्री में और उछाल की उम्मीद है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और अन्य कलाकार नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह सीक्वल पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा।