बॉलीवुड की आने वाली रोमांटिक ड्रामा फिल्म तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी का नया गाना 'सात समंदर पार 2.0' रिलीज होते ही विवादों के घेरे में आ गया है। 1992 की सुपरहिट फिल्म विश्वात्मा का यह आइकॉनिक ट्रैक, जिसमें दिव्या भारती और सनी देओल की जोड़ी ने धूम मचाई थी, अब कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म में स्लो-लूफी वर्जन में पेश किया गया है। फैंस को यह रीक्रिएशन बिल्कुल पसंद नहीं आया, और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का दौर शुरू हो गया है।
ओरिजिनल गाना, जो आनंद बक्शी के लेजेंडरी लिरिक्स, विजू शाह के कंपोजिशन और साधना सरगम की मधुर आवाज से सजा था। लेकिन नए वर्जन में गायक और संगीतकार करण नानवानी ने लिरिक्स में हल्का बदलाव कर इसे धीमा और उदास बना दिया। यूजर्स इसे 'सैड समंदर पार' कह रहे हैं, मानो बचपन की यादों को ठेस पहुंची हो। एक ट्विटर यूजर ने लिखा, "जिसने भी सात समंदर पार का रीमेक बनाया, उसे मेरी हाय लगेगी!" वहीं, दूसरे ने पॉपुलर मीम 'छी ससुर...' से तंज कसा।
फिल्म रिलीज से ठीक पहले यह बैकलैश आया है। तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी, जो करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है, 25 दिसंबर 2025 को क्रिसमस पर सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाली थी। लेकिन अब कानूनी पचड़े में भी उलझ गई है। ओरिजिनल प्रोड्यूसर त्रिमूर्ति फिल्म्स ने धर्मा प्रोडक्शन्स और बादशाह पर 10 करोड़ का कॉपीराइट केस किया दिया। उनका दावा है कि 1990 का एग्रीमेंट सिर्फ मैकेनिकल राइट्स के लिए था, न कि रीमिक्स या नई फिल्म में यूज के लिए। बॉम्बे हाईकोर्ट ने इंटरिम स्टे खारिज कर दिया है, लेकिन 9 जनवरी 2026 को अगली सुनवाई होगी। कोर्ट ने फिल्म की भारी इन्वेस्टमेंट का हवाला देते हुए प्रमोशन जारी रखने की इजाजत दी।
फैंस का गुस्सा जायज लगता है। पुराने गानों को रीक्रिएट करना बॉलीवुड का पुराना चलन है, लेकिन जब आइकॉनिक ट्रैक की आत्मा खो जाती है, तो दिल टूटता है। कार्तिक और अनन्या की केमिस्ट्री रोमांटिक है, पर क्या यह विवाद फिल्म की रिलीज पर असर डालेगा?