दिवंगत धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म और अगस्त्य नंदा की डेब्यू मूवी ‘इक्कीस’ 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म की शुरुआत दर्शकों के बीच उत्साहपूर्ण रही और पहले कुछ दिनों में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई देखी गई। हालांकि, बड़े बजट और धुरंधर फिल्मों के दबाव के चलते इसकी रफ्तार धीरे-धीरे धीमी पड़ गई। बावजूद इसके, फिल्म ने कहानी, निर्देशन और कलाकारों के दमदार अभिनय के जरिए दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का दिल जीत लिया। ये फिल्म भारतीय सेना के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनके अदम्य साहस पर आधारित है।
धर्मेंद्र ने अरुण के पिता का भावपूर्ण किरदार निभाया है, जबकि अगस्त्य नंदा ने अरुण के किरदार में अपनी छाप छोड़ी। ‘इक्कीस’ अपने थीम और भावनात्मक प्रस्तुति की वजह से दर्शकों के लिए यादगार बन गई है।
‘इक्कीस’ का ओटीटी डेब्यू कब और कहां?
फिल्म का ऑफिशियल स्ट्रीमिंग पार्टनर अमेजॉन प्राइम वीडियो है। आमतौर पर थिएट्रिकल रिलीज के 6–8 हफ्ते बाद फिल्मों का OTT पर स्ट्रीमिंग होता है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि ‘इक्कीस’ 12 से 26 फरवरी, 2026 के बीच प्राइम वीडियो पर उपलब्ध हो सकती है। हालांकि, निर्माता और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने अभी तक कोई ऑफिशियल डेट घोषित नहीं की है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन
ओपनिंग डे पर फिल्म ने 7 करोड़ रुपए की कमाई की थी। पहले हफ्ते में कुल कलेक्शन 25.5 करोड़ रहा। 9वें दिन की कमाई 85 लाख थी, जबकि दूसरे वीकेंड में दर्शकों की प्रतिक्रिया के कारण कमाई में तेजी देखी गई। 10वें और 11वें दिन फिल्म ने 1.15 करोड़ और 1.25 करोड़ कमाए। इसके साथ ही 11 दिनों में भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 28.75 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
फिल्म सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के छोटे लेकिन अदम्य जीवन पर आधारित है। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान बसंतर की लड़ाई में अरुण खेत्रपाल ने परमवीर चक्र प्राप्त किया। फिल्म में धर्मेंद्र ने अरुण के पिता ब्रिगेडियर मदन लाल खेत्रपाल का रोल निभाया है, जो अपने बेटे की शहादत के 30 साल बाद पाकिस्तान का दौरा करते हैं। जयदीप अहलावत ने ब्रिगेडियर जान मोहम्मद निसार की भूमिका निभाई है।