रविवार को संगीत की दुनिया के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई। साधारण परिवार से निकलकर लाखों लोगों की उम्मीद बने गायक प्रशांत तमांग का नई दिल्ली में निधन हो गया। 43 वर्षीय प्रशांत तमांग की मौत दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर पर स्ट्रोक के बाद हुई। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें द्वारका के एक अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली लौट रहे थे तमांग
मीडिया के मुताबिक, वह अपनी मौत से कुछ ही समय पहले अरुणाचल प्रदेश में एक कार्यक्रम पूरा कर राजधानी लौटे थे। बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले उन्हें किसी गंभीर बीमारी या स्वास्थ्य समस्या की कोई शिकायत नहीं थी। उनके अचानक चले जाने से संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
4 जनवरी 1983 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में जन्मे प्रशांत तमांग ने बहुत कम उम्र में अपने पिता को खो दिया था। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्होंने कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी शुरू की। नौकरी के साथ-साथ संगीत उनका साथ कभी नहीं छूटा। वह पुलिस ऑर्केस्ट्रा के साथ गाते थे और मन ही मन एक बड़े सपने को संजोए हुए थे, जिसने आगे चलकर उनकी जिंदगी बदल दी।
इंडियन आइडल 3 के थे विनर
साल 2007 में उनकी किस्मत ने करवट ली, जब उन्होंने इंडियन आइडल 3 के लिए ऑडिशन दिया। इस शो में उनकी जीत ने उन्हें देश-भर में पहचान दिलाई। यह जीत दार्जिलिंग, तराई, डुआर्स, सिक्किम, उत्तर-पूर्व और विदेशों में रहने वाले गोरखा और नेपाली भाषी समुदायों के लिए गर्व का पल बन गई। प्रशांत तमांग की सफलता ने उन लोगों को राष्ट्रीय पहचान और आत्मविश्वास दिया, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता था। उनकी कहानी आज भी मेहनत, लगन और सपनों पर भरोसे की मिसाल मानी जाती है।
इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत तमांग ने अपना म्यूज़िक एल्बम धन्यवाद रिलीज़ किया। इसके बाद उन्होंने भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कई लाइव शो किए। रियलिटी शो से मिली पहचान को उन्होंने समझदारी से आगे बढ़ाया और एक मजबूत संगीत करियर बनाया। वह प्लेबैक सिंगर के साथ-साथ लाइव परफॉर्मर के तौर पर भी खूब पसंद किए गए।
पाताल लोक सीजन 2 में भी किया काम
संगीत के साथ-साथ प्रशांत तमांग ने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा। साल 2010 में उन्होंने नेपाली हिट फिल्म गोरखा पलटन से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। इसके बाद वह अंगालो यो माया को, किना माया मा, निशानी, परदेसी और किना मायामा जैसी फिल्मों में नजर आए। हाल के सालों में उन्होंने भारतीय प्रोजेक्ट्स में भी काम किया। वे वेब सीरीज़ पाताल लोक सीजन 2 में डेनियल लेचो की अहम भूमिका में दिखाई दिए। इसके अलावा, वह सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में भी नजर आए। इस तरह, प्रशांत तमांग ने संगीत और अभिनय—दोनों ही क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।