Jackie Shroff: बॉलीवुड में अपने दमदार किरदारों के लिए मशहूर जैकी श्रॉफ और उनकी पत्नी आयशा श्रॉफ की कहानी सिर्फ ग्लैमर और फिल्मों तक सीमित नहीं है। दरअसल उनकी जिंदगी में एक ऐसा समय भी आया था जब उनके एक फैसले ने उनकी किस्मत बदल दी। इस जोड़ी ने अपनी फिल्म 'बूम' के फ्लॉप होने से पहले एक इन्वेस्टमेंट किया था, जो बाद में मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। आइए आपको बताते हैं पूरी कहानी।
सोनी टीवी में जैकी और आयशा का निवेश
लगभग 20 साल पहले जब सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन भारत में लॉन्च हो रहा था, तब जैकी और आयशा ने मिलकर इसमें हिस्सेदारी खरीदी थी। आयशा ने हाल ही में 'Zerodha' के साथ एक बातचीत में इस इन्वेस्टमेंट को अपने जीवन का सबसे शानदार और सफल फैसला बताया। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला अनुभव था, जब वह एक बड़ी कॉर्पोरेट दुनिया का हिस्सा बनीं। आयशा ने बताया कि उनकी सात लोगों की टीम में हर किसी के पास अलग-अलग हुनर था लेकिन फिर भी सोनी के साथ जुडने के लिए उन्हें एक साल तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी थी।
आयशा ने बताया कि सोनी के साथ इस डील को फाइनल करने के लिए उन्होंने एक शानदार स्ट्रेटेजी अपनाई। उन्होंने जैकी को एक भव्य बॉलीवुड पार्टी आयोजित करने का सुझाव दिया, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारों को बुलाया गया। मुंबई के मरीन ड्राइव पर स्थित RG क्लब में हुई यह पार्टी सुबह 6 बजे तक चली।
आयशा ने बताया कि, इस पार्टी का असर तुरंत हुआ। 'अगली सुबह, लॉस एंजिल्स से एक सोनी एग्जीक्यूटिव का फोन आया और डील अगले ही दिन साइन हो गई।' बाद में यह इन्वेस्टमेंट जैकी और आयशा के लिए उम्मीद से कहीं ज्यादा फायदेमंद साबित हुआ। आयशा ने बताया कि उनका ₹1 लाख 15 सालों में बढ़कर ₹100 करोड़ रुपये हो गया था। जैकी श्रॉफ परिवार ने सोनी में अपनी हिस्सेदारी बेच कर बड़ा मुनाफा कमाया।