Jaya Bachchan: 'मेरे साथ किसी ने ऐसा करने की हिम्मत...', 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के किरदार पर हो रहे विवाद के बीच जया बच्चन-करीना ने कही बड़ी बात

Jaya Bachchan: 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के किरदार पर हो रहे विवाद के बीच जया बच्चन-करीना कपूर खान ने रिएक्ट किया है। दोनों दिग्गज एक्ट्रेस ने मामले में अपनी-अपनी राय दी और इसे गलत बताया है।

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 4:50 PM
जया बच्चन ने कहा कि मुझे निर्देशक द्वारा ऑब्जेक्ट की तरह समझे जाने का सिर्फ एक अनुभव हैं। मैंने उसके साथ फिर कभी काम नहीं किया।

Jaya Bachchan: फिल्म 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के किरदार को लेकर चल रहे विरोध के बीच, अभिनेत्री और राजनेता जया बच्चन ने फिल्मों में महिलाओं के ऑब्जेक्टिफिकेशन की कड़ी आलोचना की है। बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राम चरण लीड रोल में हैं।

डेक्कन क्रॉनिकल से बातचीत के दौरान, बच्चन ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की। दिग्गज अभिनेत्री ने बताया कि एक बार एक फिल्म निर्माता के असहज महसूस करने पर उन्होंने उनके साथ काम करने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा, "किसी ने भी मेरे साथ हद पार करने की हिम्मत नहीं की। मुझे निर्देशक द्वारा ऑब्जेक्ट की तरह समझे जाने का सिर्फ एक अनुभव हैं। मैंने उसके साथ फिर कभी काम नहीं किया।"

यह हंगामा ऐसे समय में सामने आया है जब पेड्डी फिल्म को अपनी महिला मुख्य किरदार अचियम्मा को फिल्माने के तरीके को लेकर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। फिल्म रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इस तरह के सवालों की बाढ़ आ गई है कि किरदार को इस तरह से क्यों फिल्माया गया है।


खबरों के मुताबिक, करीना कपूर ने भी पेड्डी फिल्म को लेकर हुए विवाद पर अपनी राय देते हुए कहा, "काजोल को फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के गाने 'सूरज हुआ मध्यम' में देखिए, या श्रीदेवी को फिल्म 'चांदनी' के गाने 'तेरे मेरे होंठों पे' में देखिए... उन्होंने बिना किसी बोल्ड सीन के ही पर्दे पर आग लगा दी थी। मेरी सास शर्मिला टैगोर फिल्म 'आराधना' में 'रूप तेरे मस्ताना' में सिर से पैर तक ढकी हुई थीं। वो बोल्डनेस की मिसाल थीं। मेरा मानना ​​है कि पर्दे पर बोल्ड दिखने का मतलब रिवीलिंग कपड़े पहनना या किसी ऑब्जेक्ट की तरह दिखना नहीं है।"

फिल्म रिलीज होने के बाद, बुची बाबू सना के निर्देशन को कपूर के किरदार को वस्तु की तरह पेश करने और अत्यधिक सेक्सुलाइजेशन दिखाने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। नेटिज़न्स ने उन सीन्स की कड़ी निंदा की है जिनमें अभिनेत्री शरीर को बुरी तरह से क्लोजअप करते हुए दिखाया गया है।

इसके अलावा, मुख्य अभिनेता के लव अफेयर को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। बाद में, फिल्म निर्देशक ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और कहा कि विवादित सीन्स को फिल्म से हटा दिया जाएगा। सना ने कहा, "एक फिल्म निर्माता के तौर पर मेरा मानना ​​है कि सिनेमा का उद्देश्य दर्शकों का मनोरंजन करना, उन्हें प्रेरित करना और उनसे जुड़ाव स्थापित करना होना चाहिए। इससे किसी को भी असहज या अपमानित महसूस नहीं होना चाहिए। हमें 'पेड्डी' के कुछ सीन्स को लेकर मिली प्रतिक्रिया को हमने गंभीरता से लिया है। पर्दे पर और पर्दे के बाहर, दोनों ही स्थितियों में, मैंने हमेशा महिलाओं का बहुत सम्मान किया है और हमारा कभी भी किसी महिला किरदार को वस्तु की तरह पेश करने या उसका अपमान करने का इरादा नहीं था। अगर फिल्म के किसी भी हिस्से को इस तरह समझा गया है, तो हम उन भावनाओं का सम्मान करते हैं, उठाई जा रही चिंताओं को समझते हैं और तहे दिल से माफी मांगते हैं।"

पेड्डी की कहानी 1980 के दशक के आंध्र प्रदेश में घटित होती है और इसमें दिव्येंदु, शिव राजकुमार, जगपति बाबू और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण वेंकट सतीश किलारू ने वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले किया है और आईवी एंटरटेनमेंट के ईशान सक्सेना इसके सह-निर्माता हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।