Kareena Kapoor: इस साल की शुरुआत में सैफ अली खान के बांद्रा वाले घर में चाकू से हुए हमले की खबर सुन कर हर कोई हैरान रह गया था। सैफ अली खान पर जब ये हमला हुआ तो उनका पूरा परिवार उसी घर में था। हाल ही में एक इंटरव्यू में करीना कपूर ने इस घटना पर खुलकर बात की। एक्ट्रेस ने बताया की इस घटना से उनका परिवार अब तक उबर नहीं पाया है। वहीं इसके साथ ही एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि इस हमले के बाद उनके बच्चों पर क्या असर पड़ा और उन्होंने इस मुश्किल समय में खुद को कैसे संभाला।
बरखा दत्त के साथ मोजो स्टोरी पर इंटरव्यू के दौरान करीना कपूर ने बताया की आज भी वह जब उस डरावनी रात के बारे में सोचती है तो उन्हें सबसे ज्यादा डर इस बात का लगा कि हमलावर उनके बेटे के कमरे तक पहुंच गया था।
'उस घटना से उबर नहीं पाई'
करीना कपूर ने कहा, "मैं अब भी इस बात से उबर नहीं पाई हूं कि किसी को अपने बच्चे के कमरे में देखना कैसा फील होता है। मुंबई जैसे शहर में ऐसी घटनाएं आम नहीं होतीं... शुरुआती कुछ महीनों तक मैं काफी घबराई हुई थी। पहले जैसी सामान्य जिंदगी में लौटना और चैन से सो पाना बहुत मुश्किल था।" करीना ने कहा, "जब आप किसी को खो देते हैं, तो उस दुख से पूरी तरह उबरना मुश्किल होता है। लेकिन मैं नहीं चाहती कि मेरे बच्चे हमेशा डर और तनाव के माहौल में बड़े हों। इसलिए मेरे लिए यह जरूरी था कि मैं अपने डर और चिंता को पीछे छोड़कर एक मां और एक पत्नी के तौर पर बैलेंस बनाऊं। यह सफर आसान नहीं रहा, लेकिन बहुत जरूरी था।"
बेटे की नजर में सैफ 'आयरन मैन'
करीना ने बताया कि इस दर्दनाक घटना ने उनके बच्चों को जिंदगी की कड़वी सच्चाईयों से बहुत जल्द रूबरू करा दिया। उन्होंने कहा, "तैमूर और जेह ने खून और वो सब कुछ देखा है... ये एक्सपीरिएंस शायद उन्हें भीतर से बदल देगा। मैं सिर्फ ये दुआ करती हूं कि इसका असर उनकी जिंदगी में कुछ पॉजिटिव रूप में सामने आए।” करीना कपूर ने बताया कि जेह की नजर में सैफ अली खान एक 'आयरन मैन' है। उन्होंने कहा, "मेरा छोटा बेटा आज भी कहता है, ‘मेरे पापा बैटमैन और आयरन मैन हैं, वो किसी से भी लड़ सकते हैं।’ हम एक परिवार के तौर पर बहुत मजबूत हैं और एकजुट हैं।"
बता दें 16 जनवरी को सैफ अली खान के 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में एक घुसपैठिया जबरन घुस गया। सैफ जब उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे थे तो वह उन पर कई बार चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई। सर्जरी के पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इस घटना के तुरंत बाद हमलावर शहजाद को पुलिस ने पकड़ लिया।