Sunjay Kapur Dies: सोना कॉमस्टार के चेयरमैन और एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का निधन, मौत से कुछ देर पहले अहमदाबाद विमान क्रैश पर किया था ट्वीट

Karisma Kapoor ex-husband Sunjay Kapur Dies: भारत की प्रमुख ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व संजय कपूर का ब्रिटेन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह घटना उस समय हुई जब वह ब्रिटेन में पोलो खेल रहे थे। संजय कपूर एक जाने-माने कारोबारी रहे हैं। वे पोलो के बहुत शौकीन थे

अपडेटेड Jun 13, 2025 पर 8:32 AM
Story continues below Advertisement
Sunjay Kapur Dies: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर एक जाने-माने कारोबारी रहे हैं

Karisma Kapoor ex-husband Sunjay Kapur Dies: उद्योगपति और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का गुरुवार (13 जून)को  53 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सूत्रों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब वह पोलो खेल रहे थे। संजय वर्तमान में प्रिया सचदेव से विवाहित थे। अभिनेता और लेखक सुहेल सेठ ने X पर एक पोस्ट में निधन की पुष्टि की और अपना दुख व्यक्त किया। संजय के निधन की खबर से सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले लगातार शोक जता रहे हैं। संजय कपूर एक जाने-माने कारोबारी रहे हैं। वे पोलो के बहुत शौकीन थे।

करिश्मा के पूर्व पति संजय कपूर सोना कॉमस्टार (Sona Comstar) के चेयरमैन थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संजय की आखिरी पोस्ट आज, 12 जून को अहमदाबाद में हुई दुखद एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बारे में थी। करिश्मा कपूर और संजय की शादी 2003 में हुई थी, लेकिन जल्द ही उनका रिश्ता खराब हो गया। इससे 2014 में उनका रिश्ता कटुतापूर्ण रूप से टूट गया। व्यवसायी और अभिनेता के दो बच्चे एक बेटा और बेटी हैं। साल 2017 में संजय ने प्रिया सचदेव से शादी रचाई थी।

संजय कपूर अहमदाबाद विमान दुर्घटना से बेहद दुखी थे। उन्होंने इसी से जुड़ा आखिरी पोस्ट X पर किया था। गुजरात विमान हादसे से महज कुछ घंटे किए इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, "अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। #planecrash"


ये भी पढ़ें- Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश से हिला बॉलीवुड, आमिर खान से लेकर अक्षय कुमार ने जताया दुख

संजय कपूर भारत में ऑटोमोटिव उद्योग में एक अग्रणी कारोबारी रहे हैं। उन्होंने गुरुग्राम स्थित वैश्विक ऑटो कंपोनेंट निर्माता सोना कॉमस्टार का नेतृत्व किया था। संजय ने अपने पिता के निधन के बाद 2015 में एमडी का पद संभाला और बाद में चेयरमैन बने। कंपनी EV ट्रैक्शन मोटर्स और स्टार्टर मोटर्स सहित महत्वपूर्ण भागों की आपूर्ति करती है। इससे पहले उन्होंने ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ACMA) के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। साथ ही भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की मैन्युफैक्चरिंग काउंसिल की सह-अध्यक्षता की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।