98th Oscar Nomination 2026: विशाल जेठवा, ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर की बॉलीवुड फिल्म Homebound का 98वें ऑस्कर फिल्म समारोहों से बाहर होना भारतीय फिल्म इंडस्ट्री और सिने प्रेमियों के लिए निराशा वाली खबर थी। लेकिन, ऑस्कर में भारतीय दावेदारी अब भी बनी हुई है। एक अन्य भारतीय निर्देशक अपनी दो फिल्मों के नॉमिनेशन के साथ रेस में बनी हुई हैं। ये भारतीय निर्देशक हैं गीता गांधबीर। गीता भारतीय मूल की अमेरिकी फिल्ममेकर हैं और उन्हें पहली बार ऑस्कर पुरस्कारों के लिए नामित किया गया है।
गीता की दो फिल्में हुईं नॉमिनेट
भारतीय डायरेक्टर गीता गांधबीर ने 98वें ऑस्कर पुरस्कारों में अपने नाम दो नॉमिनेशन्स हासिल किए हैं। एक नामांकन उन्हें डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म 'द परफेक्ट नेबर' का निर्देशन करने के लिए मिला है। वहीं, दूसरा नॉमिनेशन उन्हें डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म 'द डेविल इज बिजी' में क्रिस्टलिन हैम्पटन के साथ को-डायरेक्शन करने के लिए मिला है। इनमें से 35 साल की महिला की मर्डर मिस्ट्री के इर्द-गिर्द घूमती 'द परफेक्ट नेबर' नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। वहीं, 'डेविल इज बैक' एचबीओ की एक ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म है। इसमें मेडिकल स्टाफ की लाइफ को दिखाया गया है कि वह कितना जोखिम उठाते हैं।
गीता 55 साल की भारतीय मूल की एक फिल्ममेकर हैं। ऑस्कर पुरस्कारों के लिए ये उनका पहला नॉमिनेशन है। फिल्म एडिटिंग से करियर की शुरुआत करने वाली गीता ने स्पाइक ली और सैम पोलैर्ड के साथ काम किया था। उन्हें नॉन-फिक्शन प्रोग्रामिंग के लिए दो एमी अवॉर्ड्स भी मिल चुके हैं। उन्होंने 'व्हेन द लेवीज ब्रोक: ए रिक्वियम इन फोर एक्ट्स' (2007) और 'बाय द पीपल: द इलेक्शन ऑफ बराक ओबामा' (2010) जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।
15 मार्च को डॉल्बी थिएटर में होगी ऑस्कर पुरस्कार घोषित
पूरी दुनिया की नजर ऑस्कर फिल्म पुरस्कार समारोह पर है। ये पुरस्कार 15 मार्च 2026 को हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किए जाएंगे। इसी दिन पता चलेगा कि दुनिया भर में ख्याति पाने वाली कौन सी फिल्म ऑस्कर खिताब अपने नाम करेगी।