Dhurandhar: सेट पर कैसा था रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना का बिहेवियर? धुरंधर एक्टर नवीन कौशिक ने बताया

Dhurandhar: फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म में रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना अहम किरदार में नजर आए हैं। वहीं इन दोनों कलाकारों का सेट पर बिहेवियर कैसा था, इस बारे में एक्टर नवीन कौशिक ने जानकारी दी है

अपडेटेड Jan 06, 2026 पर 9:42 PM
Story continues below Advertisement
नवीन कौशिक ने बताया कि शूटिंग के दौरान दोनों स्टार्स अपने किरदारों में पूरी तरह ढले रहते थे

आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' इस समय बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई क रही है और सोशल मीडिया पर भी लोगों के बीच खूब पसंद की जा रही है। इसमें रणवीर सिंह हमजा के किरदार में और अक्षय खन्ना रहमान डकैत के रोल में नजर आए हैं। दोनों ने अपने-अपने किरदारों को बहुत अच्छे से निभाया है। वहीं इन दोनों कलाकारों का सेट पर बिहेवियर कैसा था, इस बारे में एक्टर नवीन कौशिक ने जानकारी दी है। नवीन कौशिक ने फिल्म में डोंगा का किरदार निभाया था।

नवीन कौशिक ने बताया कि शूटिंग के दौरान दोनों स्टार्स अपने किरदारों में पूरी तरह ढले रहते थे और उनका ऑनस्क्रीन असर असल जिंदगी में भी देखने को मिलता था। वहीं रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

सेट पर कैसे थे रणवीर-अक्षय


सिद्धार्थ कन्नन के साथ एक इंटरव्यू में नवीन कौशिक ने बताया, "शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह सभी के साथ बिल्कुल दोस्ताना अंदाज में रहते थे और पूरी टीम के साथ घुल-मिल जाते थे। वहीं अक्षय खन्ना अक्सर थोड़ा अलग-थलग रहते थे, क्योंकि वह अपने किरदार में पूरी तरह डूबे रहते थे। ऑन-स्क्रीन डायनामिक असल जिंदगी में भी दिखाई देता था। गैंग के सभी लोग साथ बैठकर हंसते-बातें करते थे, जबकि रहमान डकैत का किरदार निभाने वाले अक्षय खन्ना ज्यादातर अलग ही बैठे दिखते थे। शूटिंग के पूरे समय ऐसा ही माहौल बना रहा।"

'अक्षय अपने कैरेक्टर में खो जाते हैं'

अक्षय खन्ना के स्वभाव के बारे में बात करते हुए नवीन कौशिक ने बताया कि, "अक्षय बहुत ही शालीन और विनम्र इंसान हैं। जब भी कोई उनसे बात करने जाता था, तो वह अच्छे से बातचीत करते थे, लेकिन बातचीत खत्म होते ही फिर से अपने में खो जाते थे।" नवीन के मुताबिक, "मुझे नहीं पता कि यह मेथड एक्टिंग थी या नहीं, लेकिन जिस तरह रहमान डकैत का किरदार शांत, ऑब्जर्व करने वाला और अनप्रिडिक्टेबल है, अक्षय असल जिंदगी में भी काफी हद तक वैसे ही थे। वह सेट की भागदौड़ से दूर रहते थे और पूरा ध्यान सिर्फ अपने कैरेक्टर पर ही रखते थे।"

'रणवीर में काफी एनर्जी हैं'

कौशिक ने ये भी बताया कि रणवीर सिंह असल जिंदगी में अपने ऑनस्क्रीन किरदार हमजा से बिल्कुल अलग हैं। एक्टर ने बताया, "हमजा जहां गंभीर और खतरनाक दिखता है, वहीं रणवीर एनर्जी से भरे हुए इंसान हैं, जैसे हजार वोल्ट का करंट। सेट पर मौजूद रहते हुए वह सभी से मिलते-जुलते रहते थे और उन्हें किसी को आलस में बैठे देखना पसंद नहीं था।" नवीन ने कहा, "हमजा और रहमान दोनों ही किरदार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। डायरेक्टर के “कट” कहते ही रणवीर तुरंत अपने असली स्वभाव में लौट आते थे, जब तक कि सीन बहुत ज्यादा गंभीर न हो। उनमें बच्चों जैसी जिज्ञासा बनी रहती थी और उन्होंने कभी भी “मैं बहुत बड़ा स्टार हूं” वाला रवैया नहीं दिखाया।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।