Dhurandhar: आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' ने रिलीज के बाद से ही सिनेमाघरों में तहलका मचा दिया था। वहीं ये फिल्म 30 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो गई है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज के बाद से फिल्म ने दुनियाभर में कई रिकॉर्ड बना ली हैं। रणवीर सिंह की पाकिस्तान पर बनी जासूसी थ्रिलर धुरंधर, अपने सेंसिटिव जियोपॉलिटिकल थीम की वजह मिडिल ईस्ट के कई इलाकों के सिनेमाघरों में बैन कर दी गई थी। इसके बावजूद यह फिल्म पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है
नेटफ्लिक्स के टुडम आंकड़ों के अनुसार, 'धुरंधर' फिल्म ग्लोबल नॉन-इंग्लिश फिल्मों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गई है। 26 जनवरी से 1 फरवरी के हफ्ते में इसे 7.6 मिलियन व्यूज मिले और ये फिल्म दुनिया भर में नंबर 1 रही है। फिलहाल ये फिल्म भारत और पाकिस्तान में भी टॉप पर चल रही है। इसी के साथ ये फिल्म बांग्लादेश, सऊदी अरब और यूएई सहित 22 देशों में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है।
पाकिस्तान में फिल्म को लेकर काफी दिलचस्पी
नेटफ्लिक्स पर आधिकारिक रिलीज से पहले ही धुरंधर ने पाकिस्तान में काफी दिलचस्पी जगा दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के पहले दो हफ्तों में इसे करीब 20 लाख बार गैर-कानूनी तरीके से डाउनलोड किया गया। इसी वजह से यह हाल के वर्षों में पाकिस्तान में सबसे ज्यादा पायरेट की गई भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई। ये खबर इसलिए खास है क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई सालों से भारतीय फिल्में पाकिस्तान के सिनेमाघरों में नहीं दिखाई जाती हैं। खासकर भारतीय खुफिया एजेंसियों या इंटेलिजेंस ऑपरेशन पर आधारित फिल्मों को वहां अक्सर बैन या विरोध का सामना करना पड़ता है। ऐसे माहौल में किसी फिल्म का दोनों देशों में लोकप्रिय होना एक अहम बात मानी जा रही है।
आदित्य धर की फिल्म धुरंधर एक भारतीय अंडरकवर एजेंट की कहानी है, जो कराची के अपराध और राजनीति से जुड़े अंडरवर्ल्ड में घुसकर मिशन पूरा करता है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल अहम किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को भारत में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। इसने भारत में लगभग 116 मिलियन डॉलर और विदेशों में करीब 32 मिलियन डॉलर की कमाई की, जिससे यह घरेलू स्तर पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई।