बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान एक बार फिर अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इन दिनों वह अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन इसी बीच उनके अगले बड़े प्रोजेक्ट को लेकर भी खबरें सामने आने लगी हैं। बताया जा रहा है कि सलमान जल्द ही एक पैन इंडिया फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं, जिसमें हिंदी और साउथ सिनेमा का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा। इस फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि देशभर के दर्शकों को ध्यान में रखा जा सके। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री नयनतारा का नाम भी जोड़ा जा रहा है।
अगर ऐसा होता है तो पहली बार सलमान और नयनतारा की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ दिखाई दे सकती है, जिसे लेकर फैंस के बीच अभी से उत्साह बढ़ने लगा है। हालांकि फिल्म को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है
पैन इंडिया फिल्म में दिखेगा बड़ा स्टारकास्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली करेंगे, जबकि इसे मशहूर निर्माता दिल राजू की प्रोडक्शन कंपनी के बैनर तले बनाया जाएगा। फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर तैयार किया जा रहा है, इसलिए इसमें हिंदी और साउथ सिनेमा के कई बड़े कलाकारों को शामिल करने की योजना है।
सामंथा रुथ प्रभु की भी हो सकती है एंट्री
खबरों की मानें तो सलमान खान और नयनतारा ने इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी है। साथ ही चर्चा यह भी है कि फिल्म में सामंथा रुथ प्रभु भी अहम भूमिका में नजर आ सकती हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘बैटल ऑफ गलवान’ में व्यस्त हैं सलमान
फिलहाल सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में बिजी हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद वह नयनतारा के साथ इस नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे। खास बात यह है कि निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की यह पहली हिंदी फिल्म भी होगी।