Sidharth Malhotra: बॉलीवुड के फेमस एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा को लेकर बड़ी खबर आ रही है। सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता का हाल ही में निधन हो गया। मंगलवार को अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता ने 13 फरवरी को दुनिया को अलविदा कहा। इस दुख की घड़ी में सिद्धार्थ अपनी पत्नी कियारा आडवाणी के साथ नई दिल्ली में परिवार के बीच मौजूद हैं। दोनों परिवार को संभालने और साथ देने के लिए वहीं रुके हुए हैं। फिलहाल इस मामले में और जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
सिद्धार्थ ने किया इमोशनल पोस्ट
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने पिता के साथ एक पुरानी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "वह बहुत ज्यादा ईमानदार, सच्चाई और कल्चर वाले इंसान थे। उन्होंने हमेशा मजबूत मूल्यों के साथ जीवन जिया और कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।"
सिद्धार्थ ने बताया कि, "उनके पिता में अनुशासन था, बिना ईगो के ताकत। जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने पॉजिटिविटी सोच बनाए रखी। मर्चेंट नेवी में कैप्टन के रूप में जिम्मेदारी निभाने से लेकर गंभीर बीमारी का साहस के साथ सामना करने तक, उन्होंने कभी हार नहीं मानी। यहां तक कि स्ट्रोक के बाद व्हीलचेयर पर आने के बावजूद उनका हौसला बुलंद रहा।”
सिद्धार्थ ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “पापा, आपकी सच्चाई और ईमानदारी ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। आपकी ताकत मुझे हर दिन गाइड करती है। आपकी पॉजिटिविटी आज भी इस परिवार को एक साथ रखती है। आप हमें नींद में शांति से छोड़कर चले गए, लेकिन आपके जाने से जो खालीपन आया है, वह कभी भर नहीं पाएगा। मैं आज जो भी हूं, आपकी सीख और परवरिश की वजह से हूं। मैं हमेशा आपके नाम, आपके सिद्धांतों और आपकी रोशनी को आगे लेकर चलूंगा। लव यू डैड।”
नेवी में कैप्टन थे सिद्धार्थ के पिता
बता दें कि सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता मर्चेंट नेवी में कैप्टन रह चुके थे। सिद्धार्थ मल्होत्रा अक्सर बताते रहे हैं कि उनके पिता ने उन्हें सादगी और विनम्रता का महत्व सिखाया। साथ ही इंसान को सफलता मिलने के बाद भी अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। सिद्धार्थ ने 2012 में स्टूडेंट ऑफ द ईयर से बॉलीवुड में कदम रखा और बाद में एक विलेन, शेरशाह, मिशन मजनू और परम सुंदरी जैसी फिल्मों में काम कर अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2023 में उन्होंने अभिनेत्री कियारा आडवाणी के साथ शादी रचाई। सिद्धार्थ और कियारा की एक बेटी भी है।